नई दिल्ली। कर्नाटक के मुख्यमंत्री का फैसला होने में देरी के मसले पर भाजपा की आलोचना का कांग्रेस ने जवाब दिया है। कांग्रेस ने याद दिलाया है कि भाजपा को उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, असम आदि राज्यों में मुख्यमंत्री तय करने में कितना समय लगा था। इससे पहले भाजपा ने कांग्रेस पर हमला किया था और मुख्यमंत्री का नाम तय करने में हो रही देरी पर कहा था कि कांग्रेस ने सीएम के चयन को सर्कस बना दिया है। गौरतलब है कि 13 मई को कर्नाटक के चुनाव नतीजे आए थे उसके बाद कांग्रेस को सीएम का नाम तय करने में पांच दिन लग गए।
बहरहाल, कांग्रेस ने बुधवार को भाजपा के आरोपों का जवाब देते हुए कहा कि 2017 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के नतीजे 11 मार्च को आए थे लेकिन योगी आदित्यनाथ को सीएम नियुक्त करने में आठ दिन का समय लगा। उनको 19 मार्च को सीएम नियुक्त किया गया। कांग्रेस के संचार विभाग के प्रमुख जयराम रमेश ने ट्विट करके कहा कि 2021 में असम विधानसभा चुनाव के नतीजे तीन मई को जारी हुए थे लेकिन हिमंत बिस्वा सरमा सात दिन बाद 10 मई को सीएम बने। उत्तराखंड में भी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी चुनाव हार गए थे लेकिन उनको ही फिर मुख्यमंत्री नियुक्त किया गया लेकिन इसमें कई दिन लगे थे।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



