nayaindia Mamta ordinance अध्यादेश पर केजरीवाल का साथ देंगी ममता

अध्यादेश पर केजरीवाल का साथ देंगी ममता

कोलकाता। तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का साथ देने का ऐलान किया है। उन्होंने कहा है कि वे दिल्ली में अधिकारियों की पोस्टिंग और ट्रांसफर के मुद्दे पर केंद्र के अध्यादेश के खिलाफ आम आदमी पार्टी का साथ देंगी। इससे पहले मंगलवार को अरविंद केजरीवाल ने कोलकाता जाकर ममता बनर्जी से मुलाकात की और उनका समर्थन मांगा। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान भी उनके साथ कोलकाता गए थे। पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह व राघव चड्ढा और दिल्ली सरकार की इकलौती महिला मंत्री आतिशी सिंह भी उनके साथ थीं।

ममता बनर्जी ने केजरीवाल का समर्थन करते हुए कहा- संसद के मॉनसून सत्र में अगर केंद्र सरकार अध्यादेश को लेकर बिल लाती है तो हम इसका विरोध करेंगे। ममता ने दूसरी पार्टियों से भी अध्यादेश का विरोध करने की अपील की है। ममता ने केंद्र सरकार पर हमला करते हुए कहा- वे क्या सोचते हैं? क्या हम उनके बंधुआ मजदूर हैं? क्या हम उनके नौकर हैं? हम चिंतित हैं कि वे संविधान को बदल सकते हैं और देश का नाम बदलकर पार्टी का नाम रख सकते हैं। वे संविधान को ध्वस्त करना चाहते हैं। केवल सुप्रीम कोर्ट ही देश को बचा सकता है।

गौरतलब है कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल केंद्र सरकार के अध्यादेश को लेकर विपक्षी पार्टियों का समर्थन हासिल करने के लिए अभियान चला रहे हैं। रविवार को बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार उनसे मिले थे। इसके अगले दिन कांग्रेस ने भी कहा कि वह अध्यादेश के मसले पर केंद्र सरकार का विरोध कर सकती है। बहरहाल, विपक्षी पार्टियों का समर्थन जुटाने के क्रम में वे 24 और 25 मई को मुंबई में रहेंगे, जहां वे उद्धव ठाकरे और एनसीपी प्रमुख शरद पवार से मिलेंगे।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें