nayaindia Monsoon देरी से भी केरल नहीं पहुंचा मॉनसून
ताजा पोस्ट

देरी से भी केरल नहीं पहुंचा मॉनसून

ByNI Desk,
Share

नई दिल्ली। मौसम विभाग और निजी कंपनियों की भविष्यवाणी के बावजूद चार जून को मॉनसून केरल नहीं पहुंचा। कहा गया था कि इस बार एक जून की बजाय मॉनसून थोड़ी देरी से चार जून तक पहुंचेगा। लेकिन अभी मॉनसून के और देर होने की संभावना है। अब भारत मौसम विज्ञान विभाग ने बताया है कि मॉनसून के केरल पहुंचने में तीन से चार दिन की और देरी हो सकती है। इसके पहले आईएमडी ने ही कहा था कि मॉनसून चार जून को केरल पहुंच सकता है।

गौरतलब है कि मॉनसून आमतौर पर एक जून को केरल में दस्तक देता है। पिछले साल यानी 2022 में मॉनसून 29 मई को केरल पहुंचा था। वहीं 2021 में यह एक जून को पहुंचा था। मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मॉनसून अब लक्षद्वीप और दक्षिण अरब सागर के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ रहा है। रविवार को मौसम विभाग ने कहा दक्षिण अरब सागर के ऊपर मॉनसून के बढ़ने के लिए स्थितियां अनुकूल होती जा रही हैं। अरब सागर के ऊपर बादल घने होते जा रहा हैं।

रविवार को जारी एक अलर्ट में मौसम विभाग ने कहा- राजस्थान, छत्तीसगढ़, ओडिशा, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, केरल, कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, तेलंगाना, रायलसीमा और कर्नाटक में कुछ जगहों पर बिजली कड़कने और तेज हवाओं के साथ हलकी बारिश पड़ने की संभावना है। हालांकि उत्तर भारत के ज्यादातर इलाकों में गरमी बढ़ने वाली है और कहा जा रहा है कि अगले पांच दिन में तापमान पांच डिग्री तक बढ़ सकता है।

Tags :

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

Naya India स्क्रॉल करें