नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे (Mallikarjun Kharge), पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) और पार्टी के कई अन्य नेताओं ने वृत्तचित्र ‘द एलिफेंट व्हिस्परर्स’ (‘The Elephant Whispers’) और फिल्म ‘आरआरआर’ (Movie ‘RRR’) के मशहूर गीत ‘नाटू नाटू’ (Song ‘Naatu Naatu’ ) के ऑस्कर (oscar) जीतने पर सोमवार को बधाई देते हुए कहा कि यह भारत के लिए अत्यंत गौरवशाली क्षण है।
खरगे ने ट्वीट किया, ‘हम ‘नाटू नाटू’ के ऑस्कर जीतने का जश्न मनाने में करोड़ों भारतीय नागरिकों के साथ शामिल हैं। भारत के लिए इतनी सारी खुशी लाने पर बहुत बहुत धन्यवाद। आरआरआर फिल्म की पूरी टीम को बधाई। उन्होंने ‘द एलिफेंट व्हिस्परर्स’ के ऑस्कर जीतने पर इस वृत्तचित्र की पूरी टीम को भी बधाई दी और कहा कि यह देश के लिए गौरवशाली क्षण है।
इसे भी पढ़ेः फिल्म ‘आरआरआर’ के गीत ‘नाटु नाटु’ को ऑस्कर मिलने से भारत गौरवान्वितः पीएम मोदी
राहुल गांधी ने ‘नाटू नाटू’ के ऑस्कर जीतने पर खुशी जताते हुए ट्वीट किया, ‘‘जिस गीत को भारत ने बहुत पसंद किया, वह सही मायने में वैश्विक हो गया। संगीतकार एम. एम. कीरावानी, गीतकार चंद्रबोस और ‘आरआरआर’ की पूरी टीम को बधाई। उन्होंने ‘द एलिफेंट व्हिस्परर्स’ से जुड़ी पूरी टीम को भी बधाई दी और कहा कि इस वृत्तचित्र को बनाने वाली दो महिलाओं ने पूरे भारत को गौरवान्वित किया है।
उल्लेखनीय है कि भारतीय फिल्म ‘आरआरआर’ के तेलुगु गीत ‘नाटु नाटु’ ने 95वें अकादमी पुरस्कार में सर्वश्रेष्ठ मूल (ओरिजनल) गीत की श्रेणी में ऑस्कर जीत कर इतिहास रच दिया है। तेलुगु गीत ‘नाटु नाटु’ के संगीतकार एम. एम. कीरावानी हैं और गीतकार चंद्रबोस ने इसके बोल लिखे हैं। इसे स्वर काल भैरव और राहुल सिप्लीगुंज ने दिया है। ‘नाटु नाटु’ का मतलब होता है ‘नाचना’। कार्तिकी गोंजाल्विस द्वारा निर्देशित तमिल भाषा के वृत्तचित्र ‘द एलिफेंट व्हिस्परर्स’ ने ‘डॉक्यूमेंट्री शॉर्ट सब्जेक्ट’ श्रेणी में भारत के लिए पहला ऑस्कर जीता। (भाषा)
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


