राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

सम्राट मंत्रिमंडल में 32 नए मंत्री शामिल

पटना। बिहार में सम्राट चौधरी की सरकार का विस्तार हो गया। पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में एक भव्य समारोह में 32 नए मंत्रियों को शपथ दिलाई गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी,  रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित भाजपा के तमाम बड़े नेता इस कार्यक्रम में शामिल हुए। पूर्व मुख्यमंत्री और जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार भी शपथ ग्रहण सरकार में शामिल हुए। उनके बेटे निशांत कुमार ने भी गुरुवार को मंत्री पद की शपथ ली।

गौरतलब है कि बिहार में भाजपा के पहले मुख्यमंत्री के रूप में सम्राट चौधरी ने 15 अप्रैल को शपथ ली थी। उनके साथ दो उप मुख्यमंत्रियों, विजय चौधरी और विजेंद्र यादव ने भी शपथ ली थी। अब 22 दिन बाद सरकार का विस्तार हुआ है। भाजपा कोटे से 15 और जदयू की ओर से 13 मंत्रियों ने शपथ ली है। इनके अलावा चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी की ओर से दो और हम व रालोमो की ओर से एक एक मंत्री बने हैं। बिहार में कुल 36 मंत्री बन सकते हैं। मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्रियों सहित मंत्रियों की कुल संख्या 35 हो गई है।

शपथ के बाद गुरुवार को देर शाम मंत्रियों के विभागों का ऐलान कर दिया गया। नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी मिली है। उप मुख्यमंत्री रहे भाजपा नेता विजय सिन्हा को कृषि विभाग मिला है। गृह और सामान्य प्रशासन सहित कई विभाग मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के पास रहेंगे। विजय चौधरी को जल संसाधन और विजेंद्र यादव को वित्त मंत्रालय का प्रभार मिला है। पथ निर्माण विभाग पहली बार मंत्री इंजीनियर शैलेंद्र को दिया गया है। वे भाजपा कोटे से मंत्री बने हैं। श्रवण कुमार एक बार फिर ग्रामीण विकास मंत्री बने हैं।

इससे पहले राज्यपाल सैयद अता हसनैन ने करीब आधे घंटे के कार्यक्रम में सभी मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। मंत्रियों ने पांच पांच के समूह में शपथ ली। पहली बार में निशांत कुमार, श्रवण कुमार, विजय सिन्हा, लेसी सिंह, और दिलीप जायसवाल ने शपथ ली। भाजपा के वरिष्ठ नेता मंगल पांडेय को इस बार सरकार में जगह नहीं मिली है।

गुरुवार को शपथ लेने वालों में भाजपा के दिलीप जायसवाल, विजय सिन्हा, रामकृपाल यादव, प्रमोद चंद्रवंशी, लखेंद्र पासवान, संजय सिंह टाइगर, श्रेयसी सिंह, नीतीश मिश्रा, रमा निषाद, अरुण शंकर प्रसाद, मिथिलेश तिवारी, केदार गुप्ता, रामचंद्र प्रसाद, शैलेंद्र कुमार और नंदकिशोर राम ने शपथ ली। जदयू की ओर से श्रवण कुमार, लेसी सिंह, मदन सहनी, अशोक चौधरी, भगवान सिंह कुशवाहा, दामोदार रावत, रत्नेश सदा, सुनील कुमार, शीला मंडल, जमां खान, निशांत कुमार, श्वेता गुप्ता और बुलो मंडल ने शपथ ली। लोजपा की ओर से संजय कुमार और संजय पासवान मंत्री बने। हम से संतोष सुमन और रालोमो से उपेंद्र कुशवाहा के बेटे दीपक प्रकाश को फिर से मंत्री बनाया गया।

By NI Desk

Under the visionary leadership of Harishankar Vyas, Shruti Vyas, and Ajit Dwivedi, the Nayaindia desk brings together a dynamic team dedicated to reporting on social and political issues worldwide.

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

3 × 5 =