श्रीनगर। जम्मू कश्मीर के बडगाम में गुरुवार को मारे गए आतंकवादी की पहचान हो गई है। पुलिस ने बताया है कि उसका नाम यासिर उर्फ अबु तल्हा है, वह पाकिस्तानी है और आतंकवादी संगठन लश्कर ए तैयबा से जुड़ा था। यह भी बताया गया है कि यासिर 2024 में पुंछ में वायु सेना के काफिले पर हुई फायरिंग में शामिल था। इस हमले में एक जवान शहीद हो गया था। यासिर उर्फ अबु तल्हा की तस्वीर पहली बार पहलगाम आतंकी हमले के दौरान सामने आई थी।
उस समय मिली एक फोटो में चार आतंकवादी थे। उनमें से दो को पहलगाम हमले के बाद सुरक्षा बलों ने मार गिराया था। तीसरे यासिर का अब एनकाउंटर हुआ। चौथा हाशिम मूसा फरार है। जानकार सूत्रों के मुताबिक, यासिर का नाम पहलगाम आतंकी हमले की जांच से भी जुड़ा था। सुरक्षा बलों ने गुरुवार को यासिर को बडगाम के अशदार जंगलों में मार गिराया। इस इलाके में सेना का ऑपरेशन अभी भी जारी है। बताया जा रहा है कि सुरक्षा एजेंसियों को यासिर की कई सालों से तलाश थी। जम्मू कश्मीर पुलिस ने आतंकी की फोटो पोस्ट कर लिखा, ‘तुम भाग सकते हो, छिप नहीं सकते’। बताया जा रहा है कि, यासिर उर्फ अबु तल्हा जम्मू कश्मीर में कई बड़े आतंकी हमलों से जुड़े नेटवर्क का हिस्सा रहा है।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



