ढाका। बांग्लादेश में राष्ट्रपति चुनाव का नतीजा आ गया है। सत्तारूढ़ बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी यानी बीएनपी के उम्मीदवार मिर्जा फखरुल इस्लाम आलमगीर देश के 23वें राष्ट्रपति चुने गए हैं। उन्हें संसद में 255 वोट मिले, जबकि विपक्षी गठबंधन के उम्मीदवार कर्नल (रिटायर) ओली अहमद को 88 वोट मिले। नतीजे घोषित होने के बाद बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने लाल गुलाब देकर नए राष्ट्रपति को बधाई दी। बाद में दोनों एक दूसरे के गले भी लगे।
राष्ट्रपति चुनाव के लिए गुरुवार को संसद भवन में दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक मतदान हुआ। इस चुनाव में कुल 349 सांसदों ने मतदान किया। बांग्लादेश के राष्ट्रपति चुनाव में हार के बाद 11 दलों के गठबंधन के उम्मीदवार ओली अहमद ने चुनाव पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव का नतीजा पहले से तय था और बांग्लादेश में लोकतंत्र नियंत्रित है।
ढाका में गुरुवार को पत्रकारों से बात करते हुए ओली ने कहा कि किसी भी सांसद को अपनी मर्जी से वोट देने की आजादी नहीं है। पार्टी जिस उम्मीदवार को वोट देने को कहती है, सांसद को उसी के पक्ष में वोट देना पड़ता है। उन्होंने संविधान के अनुच्छेद 70 का जिक्र करते हुए कहा कि अगर कोई सांसद अपनी पार्टी के फैसले के खिलाफ वोट करता है, तो उसकी संसद की सदस्यता जा सकती है।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



