गुवाहाटी। असम में मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण यानी एसआर की प्रक्रिया पूरी हो गई है। ध्यान रहे बाकी राज्यों मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण हुआ है लेकिन असम में सिर्फ विशेष पुनरीक्षण यानी एसआर हुआ। अब एसआर की प्रक्रिया पूरी हो गई है और अंतिम मतदाता सूची जारी कर दी गई है। चुनाव आयोग ने बताया है कि मसौदा मतदाता सूची की तुलना में 2.43 लाख से ज्यादा नाम हटाए गए हैं। अब असम में कुल दो करोड़ 49 लाख 58 हजार मतदाता हैं।
मसौदा मतदाता सूची में मतदाताओं की संख्या दो करोड़ 52 लाख से थोड़ी ज्यादा थी। विशेष पुनरीक्षण प्रक्रिया के बाद इसमें से 2,43,485 नाम हटाए गए हैं। अब अंतिम सूची में एक करोड़ 24 लाख 82 हजार 213 पुरुष और एक करोड़ 24 लाख 75 हजार 583 महिलाएं हैं। एसआर की प्रक्रिया शुरू होने के बाद मसौदा सूची 27 दिसंबर 2025 को प्रकाशित हुई थी। इस पर 27 दिसंबर 2025 से 22 जनवरी 2026 तक दावे और आपत्तियां करने का समय था। गौरतलब है कि 22 नवंबर से 20 दिसंबर 2025 तक पूरे राज्य में घर घर वेरिफिकेशन अभियान चलाया गया था। गौरतलब है कि असम की 126 विधानसभा सीटों पर अगले अप्रैल में चुनाव होने हैं।


