नई दिल्ली। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के ऊपर जन सुनवाई के दौरान एक व्यक्ति ने हमला कर दिया। घटना बुधवार सुबह की है, जब मुख्यमंत्री अपने आवास पर जन सुनवाई कर रही थीं। उसी समय एक व्यक्ति समस्या बताने के बहाने उनके पास आया और उनको थप्पड़ मार दिया। कहा जा रहा है कि आरोपी ने अपशब्द कहे और मुख्यमंत्री का हाथ पकड़ के खींचा, जिससे उनके सिर में भी चोट आई। हमले के बाद वे सदमे में थीं। हालांकि बाद में उन्होंने कहा कि वे ठीक हैं।
मुख्यमंत्री कार्यालय ने एक बयान में कहा, ‘आज जन सुनवाई के दौरान एक व्यक्ति ने मुख्यमंत्री पर हमला किया। उसे दिल्ली पुलिस ने पकड़ लिया। पूछताछ की जा रही है’। दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा, ‘आरोपी ने सीएम का हाथ पकड़कर खींचा। वे मेज के कोने से टकराईं। सिर पर चोट आई है। मीडिया में चल रही थप्पड़ वाली बात गलत है’। उन्होंने बताया कि दिल्ली पुलिस ने आरोपी पर हत्या की कोशिश का केस दर्ज किया है।
आरोपी का नाम राजेशभाई खीमजीभाई सकरिया है। वह गुजरात के राजकोट का रहने वाला है। उसने मुख्यमंत्री पर क्यों हमला किया इसका कारण स्पष्ट नहीं है। दिल्ली सरकार के मंत्री प्रवेश वर्मा ने दावा किया है कि आरोपी 24 घंटे से सीएम की रेकी कर रहा था। सोशल मीडिया में सीसीटीवी कैमरे की फुटेज भी वायरल हो रही है। इसमें खीमजीभाई 19 अगस्त को मुख्यमंत्री के शालीमार बाग निवास के आसपास घूमता दिख रहा है। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता अपने कार्यालय जाने से पहले आवास पर हर दिन लोगों से मिलती हैं।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


