नई दिल्ली। बुधवार को भारतीय पायलट की बहादुरी और सूझबूझ साथ ही विमान के यात्रियों के साहस के कारण एक बहुत बड़ी घटना टल गई। दुबई से इजराइल जा रहे एक विमान को हवा में हाईजैक करने की कोशिश हुई। विमान के को पायलट ने ही विमान हाईजैक करने का प्रयास किया, जिसे विमान के भारतीय पायलट ने विफल कर दिया। इस दौरान दोनों पायलटों के बीच मारपीट हुई और विमान भी एक मिनट के अंदर 17 हजार फीट नीचे गिरा। इसमें कई यात्री घायल हुए। बाद में लड़ाकू विमानों के घेरे में विमान की लैंडिंग कराई गई।
हाईजैक करने का प्रयास करने वाला को पायलट ओमान का था। इजराइल की एजेंसियां इस बात की जांच कर रही हैं कि ओमान के साथ जब इजराइल के राजनयिक संबंध नहीं हैं फिर कैसे वहां का पायलट इजराइल के विमान के कॉकपिट में पहुंचा। बताया जा रहा है कि को पायलट विमान को हाईजैक करके उसे क्रैश कराना चाहता था। उसने विमान के मुख्य पायलट पर चाकू से हमला किया और विमान का कंट्रोल अपने हाथ में लेने की कोशिश की। भारतीय पायलट ने चालक दल के सदस्यों और यात्रियों की मदद से को पायलट को काबू में किया।
बताया गया है कि फ्लाई दुबई की उड़ान में बुधवार सुबह करीब नौ बजे यह घटना हुई। इस वजह से एक मिनट के अंदर विमान करीब 17 हजार फीट नीचे आ गया। इसके बाद विमान से हाईजैक का अलर्ट भेजा गया। इजराइल ने तुरंत लड़ाकू विमान रवाना किए। उनकी निगरानी में उड़ान का रास्ता बदला गया और उसे सऊदी अरब के ताबुक एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। फ्लाइट में करीब 180 यात्री सवार थे, जिनमें लगभग 150 इजराइली नागरिक थे।
बताया जा रहा है कि विमान के कॉकपिट में पायलट और को पायलट के बीच झगड़ा हुआ था। इसी दौरान विमान से इमरजेंसी सिग्नल भेजे गए। इजराइल की मीडिया ने चश्मदीदों के हवाले से दावा किया है कि झगड़ा तब शुरू हुआ, जब एक पायलट ने विमान को जमीन की तरफ मोड़कर क्रैश करने की कोशिश की। जब विमान नीचे गिरने लगा तो आगे बैठे कुछ इजराइली यात्री कॉकपिट की तरफ दौड़े। उन्होंने हमलावर पायलट से लड़कर उसे कॉकपिट से बाहर निकाला। यात्री के मुताबिक, विमान में सादे कपड़ों में दो और पायलट भी मौजूद थे। उनमें से एक पायलट ने विमान का कंट्रोल संभाला।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



