अयोध्या। इस साल दीपोत्सव पर अयोध्या में सरयू किनारे 28 लाख दीये जलाने का नया रिकॉर्ड बना। राम जन्मभूमि मंदिर के उद्घाटन के बाद पहली दिवाली के अवसर पर ज्यादा भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। सरयू नदी के 55 घाटों पर 28 लाख दीये जलाए गए। पिछले साल 22 लाख दीये जलाए गए थे। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राम मंदिर में पहला दीप जलाकर दीपोत्सव का शुभारंभ किया। 16 सौ अर्चकों ने सरयू आरती की।
इससे पहले, रामायण पर आधारित झांकियों का प्रदर्शन हुआ। रामतचरितमानस में वर्णित कथा के मुताबिक भगवान राम, सीता और लक्ष्मण के साथ पुष्पक विमान से पहुंचे। मुख्यमंत्री ने उनका स्वागत किया और उनका रथ खींचा। इसके बाद रामकथा पार्क योगी ने राम की आरती उतारी और राज तिलक किया।
इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा- ये दीप जो आपके द्वारा जलाए जाएंगे, वो केवल दीप नहीं हैं, ये सनातन धर्म का विश्वास है। अयोध्यावासियों को आगे आना होगा। अयोध्या जैसी मथुरा, काशी दिखनी चाहिए। सनातन धर्म ने कभी किसी का अहित नहीं किया, सबको गले से लगाया। जो भी मानवता के मार्ग में बैरियर बनेगा, उसकी वही दुर्गति होनी है, जो यूपी के माफियाओं की हुई। इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत भी पहुंचे थे।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.
Image Source: ANI


