नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के बीच सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के एक फीचर को लेकर बड़ी जंग छिड़ गई है। यह फीचर सोशल मीडिया के संचालन की लोकेशन बताता है। हालांकि इसमें गड़बड़ी की बहुत संभावना होती है। लेकिन इस आधार पर भाजपा ने दावा किया है कि कांग्रेस के अनेक नेताओं के अकाउंट विदेश संचालित हो रहे हैं और कांग्रेस देश में गृह युद्ध भड़काने की कोशिश कर रही है। कांग्रेस ने इसे खारिज करते हुए आरोप लगाया है कि भाजपा के अनेक नेताओं के अकाउंट विदेश से संचालित हो रहे हैं।
पहले भाजपा की ओर से पार्टी के प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि कांग्रेस विदेशी सोशल मीडिया अकाउंट्स के जरिए भारत में गृहयुद्ध भड़काने की साजिश रच रही है। उन्होंने भाजपा मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस करके कहा कि ये अकाउंट पाकिस्तान, बांग्लादेश, मलेशिया, सिंगापुर और अमेरिकी सहित अन्य देशों से चल रहे हैं। राहुल गांधी और लेफ्ट नेताओं के इशारे पर भारत की छवि खराब की जा रही है।
इसके जवाब में कांग्रेस ने कहा कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स ने नया फीचर लॉन्च किया है, जिसमें किसी भी अकाउंट की लोकेशन दिखाई देती है। लेकिन एक्स खुद कह रहा है कि यह लोकेशन हमेशा सही नहीं होती। यह ट्रैवल, नेटवर्क या टेक्निकल गलती की वजह से बदल सकती है। कांग्रेस की सोशल मीडिया प्रभारी सुप्रिया श्रीनेत ने कहा कि अगर एक्स की लोकेशन ट्रैकिंग फीचर को सही मानें तो भाजपा के अनेक नेताओं और उसके संगठनों के अकाउंट विदेश से संचालित हो रहे हैं।


