राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

बंगाल में भाजपा सांसद पर हमला

कोलकाता। पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी में सोमवार को मालदा सीट से भाजपा के सांसद खगेन मुर्मू पर एक भीड़ ने हमला कर दिया। भीड़ में शामिल लोगों ने मुर्मू पर पत्थरबाजी की, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उनको सिर में चोट आई है। पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी ने दावा किया है कि भाजपा सांसद के ऊपर पुलिस की मौजूदगी में हमला हुआ और पुलिस ने कुछ नहीं किया।

घटना जलपाईगुड़ी जिले के दुआर्स क्षेत्र के नागरकाटा की है। भीड़ ने सांसद खगेन मुर्मू के साथ गए भाजपा विधायक शंकर घोष और अन्य नेताओं पर भी हमला किया। ये सभी नेता बाढ़ और भूस्खलन से प्रभावित इलाके में लोगों को राहत सामग्री बांटने गए थे। हमले में शामिल लोग भाजपा नेताओं के खिलाफ नारे लगा रहे थे और वापस जाने की मांग कर रहे थे। हमले के बाद सामने आए एक वीडियो में भाजपा सांसद खून से लथपथ एक गाड़ी में बैठे हुए दिखाई दे रहे हैं। उनके चेहरे से लगातार खून बहता हुआ दिखा।

मुख्यमंत्री ममता ने भी सोमवार को बाढ़ और भूस्खलन से प्रभावित इलाकों का दौर किया। सांसद पर हमले की तस्वीरें सामने आने के बाद भाजपा ने राज्य में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस पर हमला किया। सुवेंदु अधिकारी ने राज्य प्रशासन और पुलिस पर आरोप लगाया। भाजपा आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ‘तृणमूल का जंगलराज बंगाल में लौट आया है! एक सम्मानित आदिवासी नेता और दो बार के सांसद पर टीएमसी के गुंडों ने हमला किया’।

अमित मालवीय ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा कि जब बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों में सरकार की जरूरत थी, तब ममता बनर्जी अपने कोलकाता कार्निवल में नाच रही हैं। उन्होंने कहा कि टीएमसी और राज्य प्रशासन गायब है और जो लोग वास्तव में लोगों की मदद कर रहे हैं, उन पर हमले हो रहे हैं। मालवीय ने कहा कि यह टीएमसी का बंगाल है, जहां क्रूरता का बोलबाला है और उदार व्यक्ति को सजा दी जाती है।

Tags :

By NI Desk

Under the visionary leadership of Harishankar Vyas, Shruti Vyas, and Ajit Dwivedi, the Nayaindia desk brings together a dynamic team dedicated to reporting on social and political issues worldwide.

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

seven + 9 =