हजारीबाग। झारखंड के हजारीबाग में बुधवार को भीषण बम धमाका हुआ, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई। घटना हजारीबाग सदर थाना क्षेत्र के तहत आने वाले हबीबीनगर इलाके की है। बम विस्फोट में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल है। मरने वालों मोहम्मद यूनुस का बेटा सद्दाम और नन्ही परवीन और एक अन्य व्यक्ति है।
पुलिस और प्रशासन की ओर से कहा गया है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। बम धमाके में घायल हुए व्यक्ति को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा तफरी और दहशत का माहौल है। बहरहाल, स्थानीय लोगों का कहना है कि हबीबीनगर में झाड़ियों की सफाई का काम चल रहा था। इसी दौरान जमीन में दबाकर रखा गया एक बम में अचानक विस्फोट हो गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि सफाई के दौरान फावड़ा या किसी औजार के बम से टकराने के कारण यह हादसा हुआ।
धमाका इतना जोरदार था कि दूर तक आवाज सुनी गई। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेराबंदी कर ली। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच की जा रही है। यह इलाका पहले भी विस्फोट की घटनाओं के कारण चर्चा में रहा है। गौरतलब है कि 2016 में रामनवमी के दौरान हुए दंगों के समय इसी क्षेत्र में बम बनाने के दौरान हुए विस्फोट में पांच लोगों की मौत हुई थी।


