राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

मंत्रिमंडल ने परिसीमन संशोधन विधेयक को दी मंजूरी

केन्द्रीय मंत्रिमंडल ने परिसीमन संशोधन विधेयक और इससे संबंधित महिला आरक्षण विधेयक को मंजूरी दे दी है। सूत्रों के अनुसार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में शुक्रवार को सेवा तीर्थ में हुई बैठक में इन विधेयकों को मंजूरी दी गई। यह माना जा रहा है कि सरकार इन विधेयकों को 30 नवम्बर से बुलाई गई संसद की बैठक में पेश करने वाली है।

परिसीमन विधेयक में सभी राज्यों में अनुपात के आधार पर लोकसभा में सीटों की संख्या 50 प्रतिशत बढाने का प्रस्ताव है। सूत्रों का कहना है कि लोकसभा में सीटों की यह संख्या अगले 25 वर्षों तक फ्रीज रहेगी। परिसीमन विधेयक के आधार पर ही लोकसभा में महिलाओं को एक तिहाई आरक्षण का प्रावधान किया जाएगा। इस बीच संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा है कि बैठक में सरकार सदन की स्वीकृति के लिए अति महत्वपूर्ण कामकाज लायेगी।

उन्होंने सभी सांसदों से चर्चा में गंभीरता से भाग लेने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि 30 नवंबर और एक दिसंबर को लोकसभा में बहुत ही महत्वपूर्ण ‘बिजनेस’ लाया जायेगा और उसे ही दो और तीन दिसंबर को राज्यसभा में पेश किया जायेगा। उन्होंने इस संबंध में किसी विधेयक का नाम नहीं लिया और कहा कि कामकाज क्या होगा इसकी जानकारी उचित समय पर दे दी जायेगी।

लोकसभा और राज्यसभा सचिवालय ने संसद की इस बैठक को मानसून सत्र का दूसरा भाग बताया है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले संसद का मानसून सत्र 20 जुलाई से शुरू हुआ था और 13 अगस्त को दोनों सदनों की कार्यवाही अनिश्चित काल के लिए स्थगित कर दी गई थी लेकिन अभी तक औपचारिक रूप से सत्रावसान नहीं किया गया था। इस तरह दोनों सदनों की ये बैठकें मानसून सत्र का ही विस्तार होंगी।

Also Read : अर्जेंटीना का विपक्ष चाहता है ब्रिक्स की सदस्यता

आमतौर पर मानसून सत्र अनिश्चितकाल के लिए स्थगित किए जाने के कुछ दिन बाद सत्रावसान कर दिया जाता है और नवम्बर के अंतिम सप्ताह में शीतकालीन सत्र बुलाया जाता है। सत्रावसान करने के बाद नए सत्र के लिए राष्ट्रपति से अनुमति ली जाती है लेकिन इस बार मानूसन सत्र का सत्रावसान न किए जाने की वजह से राष्ट्रपति की अनुमति की जरूरत नहीं है। विपक्ष मानसून सत्र का सत्रावसान न किए जाने को लेकर सरकार की नीयत पर सवाल उठाता रहा है और इसे संसदीय परंपराओं का उल्लंघन करार देता रहा है।

विपक्षी दलाें विशेष रूप से कांग्रेस का आरोप है कि भारतीय जनता पार्टी का संंसदीय लोकतंत्र में भरोसा नहीं है। विपक्ष लगातार यह भी कहता रहा है कि सरकार परिसीमन विधेयक तथा महिला आरक्षण संबंधी विधेयक को जोड़ तोड़ से पारित कराने के लिए अचानक संसद की बैठक बुलाना चाहती है इसीलिए मानसून सत्र का सत्रावसान नहीं किया जा रहा है। सरकार गत अप्रैल में परिसीमन विधेयक लोकसभा में लाई थी लेकिन विपक्ष की एकजुटता के कारण मतविभाजन में यह विधेयक गिर गया था।

संविधान संशोधन विधेयक होने के कारण इसे पारित कराने के लिए दो तिहाई बहुमत की जरूरत है। इस बीच सरकार इन विधेयकों को पारित कराने के लिए विभिन्न राजनीतिक दलों से परोक्ष रूप से बातचीत करती रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा कई अन्य मंत्री लगातार यह कहते रहे हैं कि महिला सशक्तिकरण के लिए सरकार महिला आरक्षण विधेयक पारित अवश्य कराएगी।

Pic Credit : UNI

By Naya India

Naya India, A Hindi newspaper in India, was first printed on 16th May 2010. The beginning was independent – and produly continues to be- with no allegiance to any political party or corporate house. Started by Hari Shankar Vyas, a pioneering Journalist with more that 30 years experience, NAYA INDIA abides to the core principle of free and nonpartisan Journalism.

Leave a comment