देहरादून। उत्तराखंड में बादल फटने का सिलसिला जारी है। चमोली जिले के थराली में शुक्रवार देर रात बादल फट गया। यह हादसा रात दो बजे के करीब हुआ। इससे आसपास के दो गांवों में काफी नुकसान हुआ। चमोली के जिला प्रशासन ने बताया कि थराली तहसील मुख्यालय के एक किलोमीटर के दायरे में कई जगहों पर बड़ा नुकसान हुआ। कई स्थानीय नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ गया। बताया गया कि चेपड़ों गांव में एक व्यक्ति लापता है, जबकि सागवाड़ा में एक घर पर मलबा गिरने से एक लड़की दब गई थी। कुछ घंटे बाद उसका शव बरामद कर लिया गया।
बताया जा रहा है दो गांवों में सबसे ज्यादा नुकसान हुआ। वहां कुल 70 से 80 घरों में करीब दो फीट तक मलबा घुस गया। थराली को जोड़ने वाला कर्णप्रयाग-ग्वालदम नेशनल हाईवे मिंग गधेरा के पास मलबा आने के कारण बंद हो गया है। उत्तराखंड में पिछले 18 दिनों में बादल फटने की यह दूसरी घटना है। इससे पहले पांच अगस्त को धराली में बादल फटा था, जिसमें पांच की मौत हुई और एक सौ से ज्यादा लापता हुए।
इस बीच मौसम विभाग ने शनिवार को 19 राज्यों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया। इन राज्यों में उत्तराखंड भी शामिल है। इसके अलावा हरियाणा, दिल्ली और चंडीगढ़ में भी भारी बारिश का अलर्ट है। राजधानी दिल्ली में शनिवार की शाम को अचानक बहुत तेज बारिश हुई। उधर हिमाचल प्रदेश में 23 से 26 अगस्त तक भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट है।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


