नई दिल्ली। हिमालय के तीन पहाड़ी राज्यों उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू कश्मीर में बर्फबारी की वजह से मैदानी इलाकों में अचानक तेजी से तापमान गिरा है। राजधानी दिल्ली सहित कई राज्यों में न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे पहुंच गया है। परंतु दिल्ली से दूर मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान और झारखंड जैसे राज्यों में तापमान इतना गिरा है कि मौसम विभाग ने इन राज्यों में शीतलहर का अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग ने पूर्वी राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और झारखंड में अगले तीन दिन शीतलहर का अलर्ट जारी किया है। उधर हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी के कारण लगातार ठंड बढ़ती जा रही है। ताबो समेत प्रदेश के तीन शहरों का तापमान माइनस में दर्ज किया गया है। वहीं आठ जिलों में तापमान पांच डिग्री से नीचे और 21 शहरों का पारा 10 डिग्री से नीचे पहुंच गया है।
मौसम विभाग ने बताया है कि उत्तर से शुष्क और ठंडी हवा गुजरात की ओर पहुंच रही है। इस वजह से सूरत में 10 साल में पहली बार 10 नवंबर से पहले सर्दी का असर दिखने लगा है। रात का पारा 17 डिग्री के नीचे पहुंच गया है। वडोदरा में सबसे कम 14 डिग्री से नीचे तापमान रिकॉर्ड किया गया।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



