राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

कांग्रेस ने बनाई कमेटी, सपा से आज होगी बात

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए सीट बंटवारे को लेकर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच मंगलवार को औपचारिक बैठक होगी। उससे पहले कांग्रेस ने सोमवार को नई दिल्ली में एक अहम बैठक की। इस बैठक में उत्तर प्रदेश चुनाव को लेकर सीट बंटवारे, उम्मीदवार और अन्य तैयारियों के बार में बातचीत हुई। बैठक कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के घर पर हुई। इसमें कांग्रेस ने पांच सदस्यों की एक कमेटी बनाई, जो सीट बंटवारे पर समाजवादी पार्टी से बातचीत करेगी।

बताया जा रहा है कि बैठक में राहुल गांधी ने कहा, ‘सपा हमारी महत्वपूर्ण सहयोगी है। सीटों का बंटवारा सम्मानजनक तरीके से होना चाहिए। सबको साथ लेकर चलना होगा’। बैठक में खड़गे और राहुल गांधी के अलावा संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, प्रदेश के प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा उर्फ मोना मिश्रा और कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद शामिल हुए।

सीट बंटवारे पर वार्ता के लिए बनाई गई कमेटी की अध्यक्षता प्रियंका गांधी वाड्रा को सौंपी गई है। इसमें केसी वेणुगोपाल, आराधना मिश्रा, राजेंद्र पाल गौतम और इमरान मसूद शामिल हैं। गौरतलब है कि कांग्रेस ने सपा को 181 विधानसभा सीटों की सूची सौंपी है। खुद अखिलेश यादव ने पिछले दिनों एक मीडिया समूह के कार्यक्रम में इसकी जानकारी दी। कांग्रेस का कहना है कि उसने जमीनी सर्वे करा कर इतनी सीट की मांग की है।

गौरतलब है कि पिछली बार यानी 2022 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस अकेले लड़ी थी। उसने 399 सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे, जिसमें से सिर्फ दो उम्मीदवार जीते और उसको महज 2.33 फीसदी वोट मिले थे। दूसरी ओर सपा ने 111 सीटें जीती थीं। सपा इस नतीजे के आधार पर सीट बंटवारा करना चाहती है तो कांग्रेस 2024 के लोकसभा चुनाव का हवाला दे रही है, जब सपा को 37 और कांग्रेस को छह सीटें मिलीं।

बहरहाल, बैठक से पहले  प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा ने कहा कि 17 नवंबर को सपा के साथ सीट बंटवारे को लेकर बैठक होगी। उन्होंने कहा कि सीटों की संख्या पर अभी कोई फैसला नहीं हुआ है। इस बारे में पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से चर्चा चल रही है और प्रदेश के नेताओं से सुझाव मांगे गए हैं। बैठक के बाद सीटों को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी। इस बीच बताया जा रहा है कि मंगलवार, 17 नवंबर को होने वाली बैठक में दोनों पार्टियां एक एक सीट पर विचार करेंगी। बैठक से पहले अखिलेश यादव ने कहा है कि जो पार्टी जिस सीट पर जीतने की स्थिति में होगी उसे वह सीट मिलेगी। यानी जीतने की क्षमता के आधार पर सीटों का बंटवारा होगा और उम्मीदवार तय होंगे।

By NI Desk

Under the visionary leadership of Harishankar Vyas, Shruti Vyas, and Ajit Dwivedi, the Nayaindia desk brings together a dynamic team dedicated to reporting on social and political issues worldwide.

Leave a comment