Congress protest: कांग्रेस पार्टी ने कई मसलों को लेकर बुधवार को देश भर में प्रदर्शन किया। कांग्रेस ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के अंबेडकर पर दिए बयान, अडानी मुद्दे और मणिपुर हिंसा को लेकर देश भर में विरोध प्रदर्शन किया।
पार्टी ने सभी राज्यों के राजभवन तक मार्च निकाला। ऐसे ही एक प्रदर्शन के दौरान हंगामा होने पर लखनऊ में युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव प्रभात पांडेय की मौत हो गई।
उनके सिर के पीछे चोट आई थी। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय भी प्रदर्शन के दौरान बेहोश हो गए थे।
उधर राजस्थान के जयपुर में कांग्रेस के प्रदर्शन में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट एक मंच पर नजर आए।
राजधानी दिल्ली में कांग्रेस के अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के अध्यक्ष राजेश लिलोठिया के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं ने अमित शाह के आवास का घेराव कर प्रदर्शन किया।
also read: अमेरिकी फेड के झटके से शेयर बाजार हुआ धड़ाम, सेंसेक्स 964 अंक फिसला
उन्होंने कहा कि अमित शाह पूरे देश से माफी मांगें और अपने पद से इस्तीफा दें। दिल्ली पुलिस ने कार्यकर्ताओं को हिरासत में भी लिया। पश्चिम बंगाल में भी विरोध प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया।
जम्मू कश्मीर के जम्मू में स्थित राजभवन के बाहर कांग्रेस नेताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। उधर तेलंगाना के हैदराबाद में कांग्रेस ने नेकलेस रोड स्मारक से राजभवन तक रैली निकाली।
बिहार के पटना में कांग्रेस पार्टी के राजभवन मार्च को प्रशासन ने रोक दिया है। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने पुलिस से धक्कामुक्की भी की।
सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी
मार्च रोकने के बाद विरोध में पार्टी के कार्यकर्ता बीच सड़क पर धरने पर बैठ गए। सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह की अध्यक्षता में होटल राहत से राजभवन तक मार्च निकाला।
प्रतिभा सिंह ने कहा- डेढ़ साल से मणिपुर हिंसा की आग में जल रहा है। वहां पर महिलाओं के खिलाफ बलात्कार और अराजकता का माहौल बना हुआ है।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.
Image Source: ANI


