पटना। बिहार विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस के सारे नेता पटना में जुट रहे हैं। कांग्रेस में निर्णय करने वाले सर्वोच्च निकाय यानी कांग्रेस कार्य समिति, सीडब्लुसी की बैठक बुधवार को पटना में होगी। पटना में कांग्रेस के प्रदेश मुख्यालय सदाकत आश्रम में सीडब्लुसी की बैठक होगी, जिसमें सोनिया और राहुल गांधी के साथ साथ कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और कांग्रेस के अन्य नेता शामिल होंगे।
गौरतलब है कि अगले दो हफ्ते के भीतर बिहार विधानसभा के चुनावों की घोषणा होने वाली है। उससे पहले कांग्रेस को अपनी सहयोगी पार्टियों पर दबाव डाल कर ज्यादा से ज्यादा सीटें हासिल करनी हैं। कांग्रेस की यह बैठक उस लिहाज से शक्ति प्रदर्शन है। इसके दो दिन बाद 26 सितंबर को प्रियंका गांधी वाड्रा मोतिहारी में एक बड़ी रैली करेंगी।
बहरहाल, पटना के सदाकत आश्रम में कांग्रेस की इतनी बड़ी बैठक 84 साल के बाद हो रही है। आखिरी बार 1940 में सीडब्लुसी की बैठक सदाकत आश्रम में हुई थी। उस बैठक में डॉ. राजेंद्र प्रसाद, महात्मा गांधी और पंडित जवाहर लाल नेहरू जैसे नेता शामिल हुए थे।
कांग्रेस पटना की इस बैठक एक नई लड़ाई का संकल्प मान रही है। गौरतलब है कि राहुल गांधी ने पिछले महीने दो हफ्ते की वोटर अधिकार यात्री की थी और मतदासा सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को बड़ा मुद्दा बनाया था। पार्टी उस मुद्दे को आगे ले जाना है। इससे पहले तेलंगाना विधानसभा चुनाव से पहले 2023 में कार्यसमिति की बैठक हुई थी। इसके बाद पार्टी वहां सत्ता में आई। कुछ दिन पहले कांग्रेस ने गुजरात में कार्यसमिति की बैठक की थी। बिहार की बैठक अपनी ताकत दिखाने और राजद पर दबाव डालने के लिए है। पिछली बार कांग्रेस ने बिहार में 70 सीटों पर चुनाव लड़ा था। इस बार भी वह 60 सीट से कम पर लड़ने को राजी नहीं है।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



