नई दिल्ली। भारत में तमाम दावों के उलट भ्रष्टाचार बढ़ता जा रहा है। ट्रांसपेरेंसी इंटरनेशनल की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक भारत में पिछले साल के मुकाबले भ्रष्टाचार बढ़ गया है, जिससे भारत की रैंकिंग में गिरावट आई हैं। ट्रैंसपेरेंसी इंटरनेशनल ने 11 फरवरी को 180 देशों की भ्रष्टाचार रिपोर्ट जारी की। इसके मुताबिक 2024 भारत की रैंकिंग तीन पायदान गिर कर 96वें नंबर पर आ गई है। 2023 में भारत 93वें नंबर पर था।
ताजा रिपोर्ट के मुताबिक चीन 76वें नंबर पर बरकरार है। उसकी रैंकिंग में दो साल से कोई बदलाव नहीं आया है। भारत की तरह पाकिस्तान में भी भ्रष्टाचार पिछले साल के मुकाबले बढ़ा है। वह 133 से 135वें नंबर पर आ गया है। श्रीलंका 121वें और बांग्लादेश 149वें नंबर पर है। डेनमार्क पहले नंबर पर बना हुआ है। वहां सबसे कम भ्रष्टाचार है। फिनलैंड दूसरे और सिंगापुर तीसरे स्थान पर है, जबकि साउथ सूडान सबसे भ्रष्ट देश है और आखिरी पायदान पर है।
मंगलवार को जारी रिपोर्ट में भारत का स्कोर 38 तय किया गया है। 2023 में यह स्कोर 39 और 2022 में 40 था। सिर्फ एक नंबर के कम होने से भारत तीन पायदान नीचे खिसक गया है। गौरतलब है कि यह रैंकिंग तैयार करने के लिए ट्रांसपेरेंसी इंटरनेशनल के विशेषज्ञ हर देश के सार्वजनिक क्षेत्र में भ्रष्टाचार का आकलन करते हैं। इसके बाद हर देश को शून्य से एक सौ के बीच स्कोर दिया जाता है।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.
Image Source: ANI

