जयपुर। कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने नीट पेपर लीक मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर सोमवार को जयपुर में प्रदर्शन किया। इस दौरान कुछ युवकों ने दीपके को थप्पड़ मारे। हालांकि बाद में उनके समर्थकों ने थप्पड़ मारने वालों को पकड़ लिया और उनके साथ मारपीट की। थप्पड़ कांड के बाद दीपके ने लोगों को संबोधित किया और केंद्र सरकार पर हमला बोला। उन्होंने यह भी कहा कि देश में हिंदू और मुस्लिम की राजनीति नहीं चलेगी।
बताया जा रहा है कि कार्यक्रम शुरू होने से पहले अभिजीत दीपके को छह युवकों ने थप्पड़ मारे हैं। इसके बाद पार्टी के समर्थकों ने उनमें से दो युवकों को पकड़ कर उनको पीटा। थप्पड़ मारने वाले राकेश गुर्जर, रोहित वैष्णव, अर्जुन पंडित, अजय सहित छह युवकों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। सभी को विधायकपुरी थाने लाया गया है।
गौरतलब है कि अभिजीत दीपके सोमवार को नीट पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था, बेरोजगारी और युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर प्रदर्शन में शामिल होने आए थे। शहीद स्मारक पर उनके साथ सैकड़ों प्रदर्शनकारी शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे थे। बहरहाल, थप्पड़ कांड के बाद अभिजीत दीपके ने प्रदर्शनकारियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भारत को आजादी कुर्बानियों के बाद मिली थीं। उन्होंने कहा कि देश के लोगों को हिंदू और मुस्लिम या जाति के आधार पर बांटने की कोशिश होती है लेकिन लोगों को नहीं बंटना है।
कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने कहा कि वे और युवाओं और छात्रों के साथ 20 जून को फिर दिल्ली पहुंचेंगे। उन्होंने कहा, ‘इस बार जब दिल्ली जाएंगे, तो बिना इस्तीफे के नहीं लौटेंगे’। उन्होंने ‘दिल्ली चलो’ का नारा भी लगाया। दीपके ने राष्ट्रगान के साथ प्रदर्शन समाप्त किया।


