राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

परिसीमन विधेयक: सरकार आश्वस्त, विरोध पर अड़ा विपक्ष

लोकसभा की सोमवार से शुरू होने वाली बैठक में महिला आरक्षण से जुड़े परिसीमन विधेयक को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच शह और मात का खेल चरम पर होगा जिसमें एक ओर सत्ता पक्ष विधेयक को पारित कराने के लिए आश्वस्त है वहीं इंडिया गठबंधन के नेतृत्व में विपक्षी दल पहले वाली एकजुटता बनाए रखने के लिए संघर्ष करते दिखाई दे रहे हैं।

लोकसभा में परिसीमन विधेयक पर सोमवार तथा मंगलवार को और राज्यसभा में बुधवार तथा गुरुवार को चर्चा होगी। सभी दलों ने अपने सदस्यों को सदन में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के लिए व्हिप जारी कर दिए हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विधेयकों के पारित होने का विश्वास व्यक्त करते हुए कहा है कि महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की लड़ाई दशकों से चल रही है।

उन्होंने एक वीडियो संदेश में कहा है कि देश की 100 प्रतिशत नारी शक्ति का आशीर्वाद सरकार के साथ है और सरकार संसद और विधानसभाओं में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की राह में आने वाली हर रुकावट को दूर करेगी।

विपक्षी दलों के इंडिया गठबंधन ने परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक का एकजुट होकर और सख्ती से विरोध करने का फैसला किया है। इंडिया गठबंधन के नेताओं की शनिवार को यहां हुई बैठक में सरकार के प्रस्तावित परिसीमन संबंधी संविधान संशोधन विधेयक का एकजुटता के साथ डटकर विरोध करने का निर्णय लिया गया।

राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के सभी सहयोगियों के एकजुट रहने और इंडिया ब्लॉक के महत्वपूर्ण घटक रहे द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) तथा राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एसपी) के बदले सुरों को देखते हुए सरकार इस बार विधेयकों के पारित होने को लेकर आश्वस्त है।

लोकसभा में 22 सदस्यों वाली द्रमुक ने विधेयकों का समर्थन करने की औपचारिक घोषणा कर दी है वहीं राकांपा (एसपी) ने शर्तों के आधार पर समर्थन की बात कही है। इन दोनों दलों ने आज हुई इंडिया गठबंधन की बैठक से भी दूरी बनाए रखी है। इसके अलावा तेलंगाना की भारत राष्ट्र समिति ने भी कहा है कि यदि दक्षिणी राज्यों के प्रतिनिधित्व में कमी नहीं होती है तो उसे इस विधेयक का समर्थन करने में दिक्कत नहीं है। पार्टी का लोकसभा में प्रतिनिधित्व नहीं है लेकिन राज्यसभा में उसके तीन सदस्य हैं।

Also Read : जम्मू-कश्मीर में राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय की स्थापना अधिसूचित

लोकसभा में चार सदस्यों वाली वाईएसआर कांग्रेस ने भी विधेयक के समर्थन की बात कही है। इंडिया गठबंधन का कहना है कि महिला आरक्षण तत्काल मौजूदा लोकसभा सीटों के आधार पर ही लागू किया जाये तथा परिसीमन के नाम पर राज्यों के बीच प्रतिनिधित्व का संतुलन नहीं बदला जाये। उसका कहना है कि लोकसभा की सीटें बढ़ाने के प्रस्ताव में अनुसूचित जाति (एससी) और अनुसूचित जनजाति (एसटी) के लिए आरक्षण तथा उनके राजनीतिक प्रतिनिधित्व को लेकर कोई स्पष्ट प्रावधान विधेयक में नहीं किया गया है। प्रस्तावित व्यवस्था में अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के राजनीतिक प्रतिनिधित्व से जुड़े संवैधानिक प्रावधानों की अनदेखी की जा रही है।

उसका कहना था कि संविधान के अनुच्छेद 330 के तहत आरक्षित सीटों और आबादी के अनुपात से जुड़े सवालों को भी गंभीरता से देखने की जरूरत है। गठबंधन ने कहा है कि परिसीमन का आधार नई जनगणना के आंकड़े होने चाहिए। गठबंधन के नेताओं ने परिसीमन विधेयक का पहले की तरह विरोध करने और महिलाओं के लिए मौजूदा लोकसभा सीटों के आधार पर आरक्षण देने की अपनी पुरानी मांग पर कायम रहने का फैसला किया है।

बैठक के बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि विपक्ष महिला आरक्षण के पक्ष में है, लेकिन इसके लिए परिसीमन और लोकसभा की मौजूदा सीटों में बदलाव जरूरी नहीं है। संविधान संशोधन विधेयक होने के कारण विधेयक को पारित कराने के लिए दो तिहाई बहुमत की जरूरत होती है। लोकसभा में अभी 540 सदस्य हैं और तीन सीटें खाली हैं। इनमें से करीब 300 सांसद राजग और 180 सांसद इंडिया गठबंधन के हैं। सात निर्दलीय सांसदों समेत करीब 60 सदस्य ऐसे हैं, जो दोनों गठबंधनों से बाहर की पार्टियों के सदस्य हैं।

लोकसभा में द्रमुक के 22, राकांपा (एसपी) के आठ, वाईएसआरसीपी के चार सांसदों और कुछ अन्य के समर्थन से सरकार के पास 351 सदस्यों के समर्थन का आंकड़ा है। यदि लोकसभा के सभी 540 सदस्य सदन में मौजूद रहते हैं और मतदान करते हैं, तो विधेयक पारित कराने के लिए सरकार को 360 वोटों की जरूरत होगी। समाजवादी पार्टी, राष्ट्रीय जनता दल (राजद), वामपंथी दलों और तृणमूल कांग्रेस तथा शिवसेना (यूबीटी) के अलावा इंडिया गठबंधन में झारखंड मुक्ति मोर्चा और इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग जैसे छोटे दल भी शामिल हैं।

आम आदमी पार्टी इंडिया गठबंधन का हिस्सा नहीं है लेकिन वह विधेयक का विरोध कर रही है। सरकार गत अप्रैल में भी परिसीमन से जुड़ा संविधान संशोधन विधेयक लोकसभा में लाई थी लेकिन विपक्ष की एकजुटता के कारण मतविभाजन में विधेयक गिर गया था। परिसीमन और संविधान संशोधन प्रस्तावों में लोकसभा में अधिकतम सीटें बढ़ाकर 850 और विधानसभाओं में 650 तक करने, महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने से जुड़े प्रावधान शामिल हैं।

Pic Credit : UNI

By Naya India

Naya India, A Hindi newspaper in India, was first printed on 16th May 2010. The beginning was independent – and produly continues to be- with no allegiance to any political party or corporate house. Started by Hari Shankar Vyas, a pioneering Journalist with more that 30 years experience, NAYA INDIA abides to the core principle of free and nonpartisan Journalism.

Leave a comment