वॉशिंगटन। अमेरिका के राष्ट्रपति डॉनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर दोहराया है कि भारत भले शुल्क कम कर रहा है लेकिन दो अप्रैल से भारत के ऊपर भी जैसे को तैसा शुल्क लगाया जाएगा। यानी कम करने के बाद भारत अमेरिकी उत्पादों पर जितना शुल्क लगाएगा, ट्रंप की सरकार उतना ही शुल्क भारत के उत्पादों पर लगाएगी। गौरतलब है कि उन्होंने पहले कहा था कि भारत बहुत ज्यादा शुल्क लगा रहा था लेकिन उन्होंने पोल खोली तो भारत अब शुल्क कम करने पर राजी हो गया है।
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने बुधवार, 19 मार्च को ‘ब्रेइटबार्ट न्यूज’ को दिए एक इंटरव्यू कहा कि उन्हें उम्मीद है कि भारत अमेरिकी उत्पादों पर जल्दी ही अपने शुल्क में कमी करेगा। ट्रंप ने कहा, ‘मुझे विश्वास है कि भारत जल्दी ही अमेरिका पर लगने वाले शुल्क में कमी करने जा रहा है। लेकिन दो अप्रैल को हम भारत से वही टैरिफ चार्ज करेगें’। उनका कहना था कि भारत पर जैसे को तैसा शुल्क लगेगा।
इससे पहले ट्रंप ने कहा था कि जो भी देश अमेरिकी सामानों पर जितना शुल्क लगाता है, वे दो अप्रैल से उस देश से उतना ही शुल्क वसूलेंगे। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ट्रंप ने कहा था कि भारत शुल्क में ठीकठाक कमी करने को राजी हो गया है। उसी दौरान उन्होंने कहा था, ‘भारत हमसे बहुत ज्यादा टैरिफ वसूल करता है। बहुत ज्यादा। आप भारत में कुछ भी नहीं बेच सकते हैं। लेकिन अब वे इसमें कमी करने के लिए सहमत हो गया है, क्योंकि अब कोई उनकी पोल खोल रहा है’।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



