चंडीगढ़। पंजाब की राजधानी चंडीगढ़ में भारतीय जनता पार्टी के ऑफिस के बाहर बुधवार की शाम को एक बड़ा धमाका हुआ। धमाके से ऑफिस के बाहर पार्किंग में खड़ी कई गाड़ियों के शीशे टूट गए। हालांकि किसी के घायल होने की खबर नहीं है। धमाके से भाजपा कार्यालय की दीवारों पर भी निशान बन गए हैं। धमाके के बाद एक वीडियो सामने आया, जिसमें एक व्यक्ति ग्रेनेड फेंक कर भाग रहा है। इसके तुरंत बाद धमाके की आवाज सुनाई देती है। दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो भाजपा ऑफिस पर हमले का है।
हमले को लेकर एक सोशल मीडिया पोस्ट भी वायरल हो रही है, जिसमें खालिस्तानी आतंकवादी सुखजिंदर सिंह बब्बर ने हमले की जिम्मेदारी ली है। हालांकि इस पोस्ट की सत्यता की पुष्टि नहीं हो पाई है। बहरहाल, विस्फोट की सूचना मिलते ही चंडीगढ़ पुलिस की कई टीमें मौके पर पहुंची। राष्ट्रीय जांच एजेंसी यानी एनआईए की टीम भी मौके पर पहुंच गई थी। टीम ने विस्फोटक के टुकड़ों की भी जांच की। पुलिस को सीसीटीवी में दो संदिग्ध नजर आए हैं। इनकी तलाश की जा रही है।


