राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

बारिश से कई राज्यों में नदियां उफान पर

नई दिल्ली। दक्षिण पश्चिमी मानसून की बारिश देश के कई हिस्सों में जारी है। लगातार हो रही बारिश से राजस्थान, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात और झारखंड सहित कई राज्यों में नदियां उफान पर हैं और जनजीवन अस्तव्यस्त हुआ है। मध्य प्रदेश के गुना जिले के फतेहगढ़ में कोहन नदी में ट्रैक्टर ट्रॉली बह जाने से तीन युवकों की मौत हो गई। उज्जैन के श्री महाकालेश्वर मंदिर में पालकी हॉल से एम्बुलेंस गेट तक निर्मित टनल परिसर की छत का पीओपी रविवार सुबह आठ बजे अचानक गिर गया। कुछ दिन से टनल परिसर की छत से पानी का रिसाव हो रहा था।

मध्य प्रदेश के चित्रकूट में शुक्रवार रात से हो रही बारिश से बाढ़ जैसे हालात हो गए। गुप्त गोदावरी पहाड़ी पर पानी का बहाव तेज होने से श्रद्धालुओं की एंट्री रोक दी गई है। उधर राजस्थान में तेज बारिश लगातार जारी है। प्रदेश की कई नदियां उफान पर हैं। सिरोही जिले में दिल्ली और गुजरात नेशनल हाईवे पर पानी भर गया। वहीं, जोधपुर में पुलिया पर पानी के बीच से निकल रही कार नाले में गिर गई। पानी में डूबने से तीन लोगों की मौत हो गई। ओडिशा के बालासोर जिले में सुवर्णरेखा नदी में अचानक आई बाढ़ से 50 हजार से ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं। नदी का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर गया है।

गौरतलब है कि मानसून लगभग पूरे देश में पहुंच गया है। राजधानी दिल्ली के अलावा हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब में ही मानसून पहुंचना बाकी है। इन राज्यों में भी अगले दो दिन में मानसून पहुंचने की संभावना है। इस बीच मौसम विभाग ने कई राज्यों में बारिश का यलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश सहित 19 राज्यों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी है, जबकि बिहार, पश्चिम बंगाल, झारखंड समेत आठ राज्यों में यलो अलर्ट है।

Tags :

By NI Desk

Under the visionary leadership of Harishankar Vyas, Shruti Vyas, and Ajit Dwivedi, the Nayaindia desk brings together a dynamic team dedicated to reporting on social and political issues worldwide.

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *