नई दिल्ली। जापान में चल रहे एशियाई खेलों में शनिवार को लगातार दूसरे दिन भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। भारत ने शनिवार को पांच गोल्ड जीते। इससे पहले शुक्रवार को भारत के खिलाड़ियों ने छह गोल्ड अपने नाम किए थे। शनिवार को भारत ने पुरुषों के हॉकी मुकाबले में भी फाइनल जीत कर गोल्ड हासिल किया तो क्रिकेट में भी पाकिस्तान को हरा कर भारत ने गोल्ड जीता। इससे पहले महिला हॉकी में भी भारत ने गोल्ड जीता था।
पुरुष हॉकी टीम ने फाइनल मुकाबले में मलेशिया को 5-1 से हराया। इसके अलावा शनिवार को भारत ने पुरुषों के क्रिकेट, आर्चरी, गोल्फ और कुश्ती में भी गोल्ड मेडल जीता। भारत के अब 21 गोल्ड के साथ कुल 85 मेडल हो गए हैं और भारत पदक तालिका में चौथे स्थान पर आ गया है। यह एशियाड में भारत का अब तक का दूसरा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। 2023 में भारत ने 28 गोल्ड सहित 106 मेडल जीते थे। भारत से ऊपर दक्षिण कोरिया और जापान हैं। 168 गोल्ड के साथ चीन पदक तालिका में नंबर एक पर है।
बहरहाल, पुरुषों के हॉकी मैच के फाइनल में भारतीय कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने डबल गोल किए। उन्होंने 11वें और 57वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर गोल किए। हरमनप्रीत के अलावा, जुगरात ने 23वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर से और 42वें मिनट में हार्दिक ने पेनल्टी स्ट्रोक पर गोल किया। 54वें मिनट में शिलानंद ने फील्ड गोल किया। मलेशिया की ओर से इकलौता गोल शेलो सिल्वरियस ने 14वें मिनट में दागा। उन्होंने फील्ड गोल किया।
अन्य मुकाबलों की बात करें तो अंतिम पंघाल ने विमेंस 53 किलो भार की श्रेणी में सिल्वर मेडल जीता है। गोल्ड मेडल मुकाबले में उन्हें जापान की मोए कियोका ने 9-1 से हराया। इससे पहले अंतिम पंघल ने हांगझोउ एशियन गेम्स में ब्रॉन्ज जीता था। दीपक पुनिया ने पुरुषों के 97 किलो भार के फ्रीस्टाइल में ब्रॉन्ज मेडल जीता। उन्होंने मंगोलिया के गंखुयाग गनबातर को 2-1 से हराया। नागोया में भारत की प्रणवी उर्स ने विमेंस इंडिविजुअल गोल्फ में गोल्ड मेडल जीता। वह एशियन गेम्स में गोल्ड जीतने वाली पहली भारतीय महिला गोल्फर बन गईं। उन्होंने चार राउंड में 15 अंडर 265 का स्कोर किया।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



