नई दिल्ली। त्योहारों का सीजन खत्म होते ही वस्तु व सेवा कर यानी जीएसटी के संग्रह में बड़ी गिरावट आई है। सरकार ने जीएसटी की दरों में कटौती की है, जिससे बाजार बढ़ने की संभावना जताई जा रही थी लेकिन नवंबर के महीने में जीएसटी संग्रह में बड़ी कमी आई है। अक्टूबर के मुकाबले नवंबर में 26 हजार करोड़ रुपया कम जीएसटी मिला है।
सरकार की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक नवंबर में वस्तु व सेवा कर यानी जीएसटी के रूप में 1.70 लाख करोड़ रुपए का संग्रह हुआ है। अगर सालाना आधार पर देखें तो इसमें 0.7 फीसदी की मामूली बढ़ोतरी हुई है। एक साल पहले यानी नवंबर 2024 में सरकार ने 1.69 लाख करोड़ रुपए जीएसटी संग्रह किया था, जबकि इस साल नवंबर में यह बढ़ कर 1.70 लाख करोड़ रुपया हुआ है। यानी सिर्फ एक हजार करोड़ की बढ़ोतरी हुई है।
लेकिन अगर महीना दर महीना के आधार पर देखें तो पिछले महीन अक्टूबर के मुकाबले नवंबर का कलेक्शन 26 हजार करोड़ रुपए घटा है। अक्टूबर में सालाना 4.6 फीसदी की बढ़ोतरी के साथ 1.96 लाख करोड़ रुपए जीएसटी वसूला गया था, जो नवंबर में घट कर 1.70 लाख करोड़ रह गया। गौरतलब है कि अप्रैल 2025 में रिकॉर्ड 2.37 लाख करोड़ रुपए और मई में 2.01 लाख करोड़ रुपए जीएसटी के रूप में जुटाए गए थे। इससे पहले 22 सितंबर से जरूरत के सामानों पर केवल दो स्लैब पांच और 18 फीसदी में जीएसटी लागू हुआ है। सरकार ने टैक्स सिस्टम को आसान बनाने के लिए ऐसा किया है।


