आतिशी ने कहा- वह माकन के खिलाफ कार्रवाई करें। वर्ना आप ‘इंडिया’ ब्लॉक से कांग्रेस को अलग करने की बात करेंगी।
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी ने कहा है कि अगर कांग्रेस ने अपने वरिष्ठ नेता अजय माकन के खिलाफ कार्रवाई नहीं की तो कांग्रेस को विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ से निकलवाने के लिए काम किया जाएगा। एक दिन पहले बुधवार को कांग्रेस नेता अजय माकन की ओर से दिए गए बयान को लेकर गुरुवार को दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी और आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता संजय सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की और कांग्रेस पर हमला किया।
मुख्यमंत्री आतिशी और आप सांसद संजय सिंह ने गुरुवार को कहा- कांग्रेस नेता अजय माकन हमारे नेता अरविंद केजरीवाल को एंटी नेशनल कहते हैं। क्या उन्होंने भाजपा के किसी नेता के खिलाफ ऐसा आरोप लगाया? आतिशी ने कहा- हम कांग्रेस पार्टी से मांग करते हैं कि वह माकन के खिलाफ 24 घंटे के अंदर कार्रवाई करें। वर्ना हम ‘इंडिया’ ब्लॉक से कांग्रेस पार्टी को अलग करने के लिए अन्य विपक्षी दलों से बात करेंगे।
संजय सिंह ने कहा कि दिल्ली के अंदर कांग्रेस पार्टी भाजपा के पक्ष में खड़ी हो गई है। कांग्रेस हर वो काम कर रही है, जिससे भाजपा को चुनाव में फायदा हो। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली के अंदर कांग्रेस के नेता हैं अजय माकन। वो भाजपा की स्क्रिप्ट पढ़ते हैं। वो भाजपा के कहने पर आम आदमी पार्टी के नेताओं को टारगेट करते हैं। गौरतलब है कि अजय माकन ने बुधवार, 25 दिसंबर को दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल को देश का फ्रॉड किंग यानी सबसे बड़ा धोखेबाज बताया।
माकन ने कहा था कि अगर केजरीवाल को एक शब्द में परिभाषित करना हो, तो वो शब्द ‘फर्जीवाल’ होगा। उन्होंने यह भी कहा था कि लोकसभा चुनाव के लिए आप के साथ गठबंधन में आना कांग्रेस की भूल थी, जिसे अब सुधारा जाना चाहिए। केजरीवाल जैसे व्यक्ति पर भरोसा नहीं किया जा सकता। उनकी कोई विचारधारा और कोई सोच नहीं है। वे अपनी राजनीतिक महत्वाकांक्षा के लिए किसी भी हद तक जा सकते हैं। इतना ही नहीं य़ूथ कांग्रेस ने आम आदमी पार्टी के दिल्ली में मुफ्त इलाज व महिलाओं को 21 सौ रुपए देने के ऐलान को फ्रॉड बताते हुए केजरीवाल के खिलाफ पुलिस में केस किया है।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.
Image Source: ANI


