नई दिल्ली। ईरान पर अमेरिका और इजराइल के हमले के 21वें दिन शुक्रवार को ईरान ने बड़ी चेतावनी जारी की है। ईरान ने कहा है कि अब इजराइल और अमेरिका के लोग दुनिया में कहीं भी सुरक्षित नहीं हैं। ईरान की इस धमकी के बीच ही खबर आई कि चेक गणराज्य में इजराइल से जुड़ी एक सैनिक फैक्टरी पर हमला हो गया। फैक्टरी में आग लगा दी गई, जिससे बहुत बड़ा नुकसान हुआ।
गौरतलब है कि ईरान ने कहा है कि अब दुनिया में कहीं भी अमेरिका और इजराइल से जुड़े लोग सुरक्षित नहीं रहेंगे। ईरान के सैन्य प्रवक्ता जनरल अबोलफजल शेखारची ने सरकारी टीवी पर जारी बयान में कहा, ‘अब हमारे पास आपके बारे में जो जानकारी है, उसके आधार पर दुनिया के किसी भी हिस्से में पार्क, मनोरंजन स्थल और पर्यटन स्थल भी सुरक्षित नहीं रहेंगे’। ईरान की यह चेतावनी बहुत गंभीर खतरे का संकेत है।
इस बीच खबर आई कि चेक गणराज्य में इजराइल की हथियार कंपनी एल्बिट सिस्टम्स से जुड़ी एक यूनिट में आग लगा दी गई, जिससे कई इमारतें जल कर नष्ट हो गईं। खबर है कि, यह हमला शुक्रवार को तड़के किया गया और एक अंडरग्राउंड समूह ने इसकी जिम्मेदारी ली है। खुद को ‘अर्थक्वेक फैक्शन’ बताने वाले इस समूह ने कहा कि यह फैक्टरी यूरोप में इजराइल के सबसे बड़े हथियार निर्माता के ऑपरेशन का अहम हिस्सा थी।


