राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

झारखंड बंद का रांची समेत कई जिलों में असर

विधानसभा घेराव के दौरान छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में भाजपा की ओर से मंगलवार को आहूत झारखंड बंद का रांची समेत राज्य के कई जिलों में असर देखने को मिला।

राजधानी रांची के पिस्का मोड़, अरगोड़ा चौक, नेवरी गोलचक्कर, बाईपास समेत कई इलाकों में भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया और बंद के समर्थन में सड़कों पर उतरे।

अरगोड़ा चौक पर प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता समेत कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को सड़क से हटाने का प्रयास किया। इस दौरान इलाके में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती रही।

गिरिडीह में भी बंद का असर देखने को मिला। भाजपा जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ता सुबह से ही सड़कों पर उतर गए। कार्यकर्ताओं ने शहर के विभिन्न इलाकों में घूमकर दुकानदारों से प्रतिष्ठान बंद रखने की अपील की और कई बाजारों में दुकानें बंद कराईं। भाजपा कार्यकर्ता गिरिडीह बस स्टैंड भी पहुंचे, जहां उन्होंने बसों को रोककर परिचालन प्रभावित किया।

Also Read : ‘मिर्जापुर: द मूवी’ का ट्रेलर रिलीज

हजारीबाग में भाजपा के झारखंड बंद का व्यापक असर देखने को मिला। जिला अध्यक्ष विवेकानंद सिंह की अगुवाई में भाजपा कार्यकर्ता सुबह से ही विभिन्न इलाकों में सक्रिय रहे और प्रतिष्ठानों को बंद कराया।

वहीं, जमशेदपुर में बंद का मिलाजुला असर रहा। छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं ने कई दुकानों को बंद कराया।

रामगढ़ में भी भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने छात्रों के विभिन्न मुद्दों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने सुभाष चौक समेत शहर के कई प्रमुख स्थानों पर सड़क जाम कर विरोध जताया। इससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

पाकुड़ में झारखंड बंद को सफल बनाने के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार किया। वहीं, गढ़वा में भी बंद का असर देखने को मिला। सुबह से ही भाजपा नेता और कार्यकर्ता रंका मोड़ घंटा घर के पास एकत्रित हुए और चौक को जाम कर दिया।

ज्ञातव्य है कि भाजपा ने सोमवार को विधानसभा घेराव के दौरान छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में मंगलवार को झारखंड बंद का आह्वान किया था। पार्टी नेताओं ने छात्रों के आंदोलन के समर्थन में सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए पुलिस कार्रवाई की निंदा की है।

Pic Credit : ANI

By Naya India

Naya India, A Hindi newspaper in India, was first printed on 16th May 2010. The beginning was independent – and produly continues to be- with no allegiance to any political party or corporate house. Started by Hari Shankar Vyas, a pioneering Journalist with more that 30 years experience, NAYA INDIA abides to the core principle of free and nonpartisan Journalism.

Leave a comment