नई दिल्ली। कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने एक बार फिर दोहराया है कि वे पूरे पांच साल तक मुख्यमंत्री बने रहेंगे। उन्होंने कर्नाटक में मुख्यमंत्री बदले जाने की चर्चाओं को खारिज कर दिया। उप मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के साथ दिल्ली में पार्टी आलाकमान से मिलने पहुंचे सिद्धारमैया ने गुरुवार को कहा कि कर्नाटक में मुख्यमंत्री पद के लिए कोई वैकेंसी नहीं है, क्योंकि वे अभी भी कुर्सी पर बैठे हैं। सिद्धारमैया ने दावा किया है कि वे मुख्यमंत्री के रूप में पांच साल का कार्यकाल पूरा करेंगे।
कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और कर्नाटक के प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला ने भी सिद्धारमैया को पद से हटाए जाने की अटकलों को खारिज कर दिया है। गौरतलब है कि पिछले कुछ समय से कर्नाटक में विधायकों एक समूह डीके शिवकुमार को मुख्यमंत्री बनाने के लिए दबाव डाल रहा है। उनका कहना है कि 2023 में चुनाव के बाद सरकार गठन के समय रोटेशनल सीएम बनाने पर सहमति बनी थी। पहले ढाई के लिए सिद्धारमैया को मौका दिया गया, जबकि बाद के ढाई साल के लिए शिवकुमार को मुख्यमंत्री बनाए जाने की बात हुई थी। हालांकि आधिकारिक रूप से ऐसे किसी समझौते की पुष्टि नहीं हुई।
बहरहाल, सरकार के दो साल पूरे हो गए हैं और उसके बाद ही शिवकुमार को सीएम बनाने की चर्चा जोर पकड़ रही है। हालांकि पिछले दिनों सुरजेवाला ने बेंगलुरू जाकर पार्टी विधायकों से बात की थी। उसके बाद उन्होंने बदलाव की अटकलों को खारिज किया था। तब शिवकुमार ने भी कहा था कि उनके पास इसे स्वीकार करने के अलावा क्या विकल्प है। हालांकि उसके बाद भी उनके सीएम बनने की अटकलें थम नहीं रही हैं। सिद्धारमैया और शिवकुमार दोनों दिल्ली में पार्टी आलाकमान से मिलने पहुंचे हैं।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


