नई दिल्ली। भारत के भगोड़े कारोबारी ललित मोदी ने भारत और केंद्रीय एजेंसियों का मजाक उड़ाने के बाद अब माफी मांगी है। उन्होंने एक वीडियो शेयर किया था, जिसमें उनके साथ दूसरे भगोड़े कारोबारी विजय माल्या भी थे। इसमें उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि ‘दो सबसे बड़े भगोड़े’। उन्होंने अपनी पोस्ट से सोशल मीडिया को हिला देने की बात भी कही। लेकिन अब सार्वजनिक माफी मांग रहे हैं। उनकी इस पोस्ट पर सीधी प्रतिक्रिया से बचते हुए विदेश मंत्रालय की ओर से कहा गया कि सभी भगोड़ों को भारत लाया जाएगा।
वीडियो शेयर करने के नौ दिन के बाद ललित मोदी ने सोमवार को भारत सरकार से माफी मांगी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ‘मेरे बयान से यदि किसी की भावनाएं आहत हुई हों, खासकर भारत सरकार की, तो मैं इसके लिए माफी चाहता हूं। बयान का आशय वैसा नहीं था, जैसा उसे समझा गया। किसी भी गलतफहमी के लिए फिर से माफी मांगता हूं’।
दरअसल, ललित मोदी ने 22 दिसंबर को वीडियो अपलोड किया गया था। इसमें उन्होंने खुद को और विजय माल्या को ‘भारत के दो सबसे बड़े भगोड़े’ कहा था। वीडियो वायरल होने के नौ दिन बाद उन्होंने वीडियो जारी कर माफी मांगी है। विजय माल्या 2016 से ब्रिटेन में हैं और 2019 में उन्हें आधिकारिक तौर पर भगोड़ा आर्थिक अपराधी घोषित किया गया था। वहीं, ललित मोदी 2010 से ब्रिटेन में रह रहे हैं और उन पर टैक्स चोरी, धन शोधन और आईपीएल से जुड़े गंभीर आरोप हैं।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



