गुवाहाटी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने असम के मुख्यमंत्री हेमंत बिस्वा सरमा की तारीफ करते हुए कहा कि जिस तरह उन्होंने घुसपैठियों को निकाला है वैसे ही देश भर से घुसपैठियों को निकाला जाएगा। अमित शाह ने असम के नौगांव में सोमवार को बटाद्रवा पुनर्विकास परियोजना का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने कहा, ‘हेमंत बिस्वा सरमा ने बांग्लादेशी घुसपैठियों से एक लाख जमीन बीघा जमीन मुक्त करवा दी है। इसी तरह पूरे देश से हम घुसपैठियों को भगाएंगे’।
गौरतलब है कि पिछले हफ्ते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिन के असम दौरे पर गए थे और हजारों करोड़ रुपए की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया था। अब अमित शाह ने असम का दौरा किया। अगले साल अप्रैल में चार राज्यों के साथ असम में विधानसभा का चुनाव होने वाला है। इस चुनाव से पहले भाजपा ने घुसपैठियों का मुद्दा जोर शोर से उठाना शुरू किया है।
बहरहाल, सोमवार को नौगांव के कार्यक्रम में अमित शाह ने कहा, ‘आज मैं गोपीनाथ बोरदोलोई जी को याद करना चाहता हूं। अगर वे नहीं होते, तो आज असम और पूरा नॉर्थ ईस्ट भारत का हिस्सा नहीं होता’। शाह ने कहा, ‘गोपीनाथ ने ही जवाहरलाल नेहरू को असम को भारत में बनाए रखने के लिए मजबूर किया था’। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने उग्रवादी संगठनों के साथ शांति समझौते किए हैं, जिनमें से 92 फीसदी शर्तें पूरी की जा चुकी हैं।
अमित शाह ने दावा किया कि असम में शांति और विकास की स्थिति मजबूत हुई है। उन्होंने कहा कि बटाद्रवा थान को नव वैष्णव धर्म का केंद्र है। यह जगह असम की सांस्कृतिक एकता और आध्यात्मिक विरासत का प्रतीक है। परियोजना से पर्यटन और संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा। शाह ने भाजपा को वोट देने की अपील करते हुए कहा, ‘एक बार फिर असम की जनता भाजपा को अपना समर्थन दे। हम पूरे असम को घुसपैठियों से मुक्त करेंगे। जो लोग घुसपैठियों को वोट बैंक मानते हैं, वे ऐसा कभी नहीं कर सकते’।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


