शिमला। उत्तर भारत के तीन पहाड़ी राज्यों उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू कश्मीर में और इनके अलावा पड़ोसी राज्य पंजाब में भारी बारिश और बाढ़ से तबाही मची है। जम्मू कश्मीर के बाद अब हिमाचल प्रदेश में भूस्खलन में कई लोगों के मरने की खबर है। हिमाचल के चंबा जिले के भरमौर में भारी बारिश के बीच मणिमहेश यात्रा पर निकले 11 श्रद्धालुओं की भूस्खलन में मौत हो गई है। मरने वालों में तीन लोग पंजाब, एक व्यक्ति उत्तर प्रदेश और पांच लोग चंबा के रहने वाले हैं। दो लोगों की अभी पहचान नहीं हुई है। इससे पहले जम्मू कश्मीर में भूस्खलन में 40 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई थी।
उधर उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और टिहरी गढ़वाल जिले में गुरुवार रात बादल फटने से पांच लोगों की मौत हो गई। एसडीआरएफ ने रूद्रप्रयाग में 40 और कुम्म गांव में 30 लोगों को निकाला। पंजाब में बारिश के चलते नौ जिलों में भीषण बाढ़ आ गई है। इनमें पठानकोट, बटाला, गुरदासपुर, फिरोजपुर, फाजिल्का, कपूरथला, अमृतसर, तरनतारन और होशियारपुर शामिल हैं। सेना और वायु सेना बाढ़ प्रभावित इलाकों में फंसे लोगों को निकाल रही है। पंजाब में मौसम विभाग के मुताबिक 30 अगस्त को भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, 31 अगस्त और एक सितंबर को यलो अलर्ट रहेगा।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


