श्रीनगर। पवित्र अमरनाथ गुफा की यात्रा शुरू होने से पहले उप राज्यपाल मनोज सिन्हा ने सोमवार को बाबा बर्फानी के दर्शन किए और पूजा अर्चना की। अमरनाथ यात्रा तीन जुलाई से शुरू हो रही है। उससे पहले सोमवार को उप राज्यपाल और श्री अमरनाथजी श्राइन बोर्ड के अध्यक्ष मनोज सिन्हा ने पूजा की। बताया गया है कि, 15 अप्रैल से अब तक चार लाख से अधिक श्रद्धालु यात्रा के लिए पंजीकरण करा चुके हैं।
गौरतलब है कि इस साल तीन जुलाई से बालटाल और पहलगाम दोनों रास्तों से अमरनाथ यात्रा शुरू होगी। यात्रा 28 अगस्त को रक्षाबंधन के दिन खत्म होगी। कुल 57 दिनों की यात्रा चलेगी। श्रद्धालुओं का पहला जत्था दो जुलाई को जम्मू के भगवती नगर बेस कैंप से यात्रा रूट के लिए रवाना होगा। इस बीच खबर है कि प्रशासन ने बालटाल और चंदनवाड़ी में बेस अस्पताल शुरू कर दिए हैं। इसके अलावा यात्रा के दोनों रास्तों पर भी चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। प्रशासन ने दोनों रास्तों पर बुनियादी ढांचे, सुरक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी अधिकांश तैयारियां पूरी कर ली हैं। हालांकि, चंदनवाड़ी से पवित्र गुफा तक के मार्ग पर महागणेश टॉप के पास बर्फ हटाने का काम अंतिम चरण में है। अधिकारियों का कहना है कि इसे अगले दो से तीन दिनों में पूरा कर लिया जाएगा।


