जम्मू। जम्मू कश्मीर के उधमपुर में सोमवार सुबह एक बड़ा बस हादसा हो गया। रामनगर से आ रही बस कगोत के पास सड़क से करीब करीब सौ मीटर नीचे खाई में गिर गई। बताया जा रहा है कि इस हादसे में 21 लोगों की मौत हो गई, जबकि 29 से ज्यादा यात्री घायल हो गए। हादसा सुबह करीब 10 बजे हुआ। बस में 50 यात्री सवार थे, जिनमें से ज्यादातर लोग रामनगर से उधमपुर में अपने रोजाना के काम पर जा रहे थे।
खबरों के मुताबिक 15 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि छह लोगों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घायलों के मुताबिक बस ओवरलोड थी और इसकी रफ्तार भी तेज थी। कगोत नाले के पास अचानक बस का टायर फट गया। इससे ड्राइवर उसे कंट्रोल नहीं कर सका। और बस सड़क से नीचे गिर गई। हादसे में बस का ऊपरी हिस्सा पूरी तरह नष्ट हो गया है।
केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट पर बताया कि हादसे का शिकार हुई बस सार्वजनिक परिवहन की थी। घायलों का इलाज सीएमसी ऊधमपुर में किया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे में मरने वाले लोगों के लिए संवेदना जताई और मृतकों के परिवार को दो दो लाख और घायलों को 50 हजार रुपए के मुआवजे का ऐलान किया है।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


