नीस (फ्रांस)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने रविवार को नीस में द्विपक्षीय बैठक कर कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), स्टार्टअप, व्यापार, निवेश, बुनियादी ढांचा, स्वास्थ्य और रणनीतिक सहयोग सहित कई क्षेत्रों में साझेदारी को आगे बढ़ाने पर चर्चा की। विदेश मंत्रालय के अनुसार दोनों नेताओं ने भारत-फ्रांस विशेष वैश्विक रणनीतिक साझेदारी की प्रगति की समीक्षा की और नवाचार, विज्ञान, अंतरिक्ष, फिनटेक, परिवहन तथा टिकाऊ विकास जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई। अंतरराष्ट्रीय और क्षेत्रीय मुद्दों पर भी दोनों पक्षों ने विचारों का आदान-प्रदान किया।
प्रधानमंत्री मोदी शनिवार रात नीस पहुंचे थे, जहां उन्होंने राष्ट्रपति मैक्रों के साथ ‘भारत इनोवेट्स’ कार्यक्रम का उद्घाटन किया। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि बैठक में व्यापार एवं निवेश, सुरक्षा, संस्कृति और लोगों के बीच संपर्क बढ़ाने जैसे विषयों पर भी चर्चा हुई। उन्होंने बताया कि वार्ता से एआई, विज्ञान एवं अंतरिक्ष, स्टार्टअप, व्यापार, बुनियादी ढांचा, परिवहन और स्वास्थ्य क्षेत्रों में सहयोग के नए अवसर सामने आए हैं।
फ्रांस रवाना होने से पहले मोदी ने कहा था कि भारत के रणनीतिक दृष्टिकोण में फ्रांस का विशेष स्थान है और यह यात्रा दोनों देशों के बढ़ते संबंधों को नई गति देगी। फ्रांस यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी जी-7 शिखर सम्मेलन में भी भाग लेंगे, जहां उनकी मुलाकात अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप समेत कई वैश्विक नेताओं से होने की संभावना है।


