नई दिल्ली। प्रधानमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी शनिवार, 15 अगस्त को लगातार 13वीं बार लाल किले से झंडा फहराएंगे और देश को संबोधित करेंगे। बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री युवाओं और महिलाओं को लेकर कोई बड़ी घोषणा कर सकते हैं। गौरतलब है कि जंतर मंतर आंदोलन के बाद वे लगातार ‘जेन जी’ यानी 14 से 29 साल की उम्र के युवाओं से जुड़ने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसे ही सरकार महिला आरक्षण भी जल्दी लागू करना चाहती है।
बहरहाल, राजधानी दिल्ली में स्वतंत्रता दिवस के आयोजन की तैयारियां पूरी हो गई हैं। पुलिस ने लाल किले के आसपास के इलाकों के साथ साथ पूरी दिल्ली में जबरदस्त सुरक्षा बंदोबस्त किए हैं। इसके तहत कई रास्तों पर यातायात डायवर्जन लागू किए गए हैं। लाल किले के आसपास के इलाकों में भारी वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगाया गया है और हजारों सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है। नियमित गश्त, वाहन जांच के साथ साथ संवेदनशील जगहों की ड्रोन से निगरानी की जा रही है। एक हजार से अधिक सीसीटीवी कैमरों से लाल किला और आसपास के इलाकों के चप्पे चप्पे पर नजर रखी जा रही है। सेंट्रल दिल्ली के डीसीपी रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि लाल किले के अंदर और आसपास व्यापक सुरक्षा उपाय लागू किए गए हैं, जिसे स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान सबसे संवेदनशील स्थानों में से एक माना जाता है।
सेंट्रल रेंज के डीसीपी ट्रैफिक निशांत गुप्ता ने बताया कि प्रधानमंत्री के संबोधन और बड़ी संख्या में वीआईपी अतिथियों के पहुंचने को देखते हुए सुरक्षा के अतिरिक्त बंदोबस्त किए गए हैं। उन्होंने बताया कि नेताजी सुभाष मार्ग, लोथियन रोड, निषादराज मार्ग, श्यामा प्रसाद मुखर्जी मार्ग, एस्प्लेनेड रोड, किला घाट रोड और रिंग रोड, मोएट रोड सहित लाल किले के आसपास की सड़कें सुबह चार बजे से 11 बजे तक आम यातायात के लिए बंद रहेंगी।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



