मुंबई। देश की वित्तीय राजधानी मुंबई में दो दिन से हो रही तेज बारिश के जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है। मंगलवार की शाम को भारी बारिश में एक मोनोरोल फंस गई, जिसमें पांच सौ यात्री सवार थे। मोनोरेल के फंसने के बाद एसी बंद हो गया, जिससे लोगों का दम घुटने लगा। बाद में शीशे तोड़ कर लोगों को निकाला गया। इसमें कई लोगों की तबियत बिगड़ गई है। भारी बारिश की वजह से 14 ट्रेनें रद्द हुई हैं और ढाई सौ से ज्यादा उड़ानें प्रभावित हुई हैं। पिछले दो दिनों में बारिश से जुड़े हादसों में राज्य में 14 लोगों की मौत हो गई है।
मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे मुंबई, ठाणे, रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग जिले में रेड अलर्ट जारी किया है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस ने बताया है कि बारिश में फंसे लोगों को निकालने में सेना काम कर रही है। मुंबई में करीब 300 मिलीमीटर बारिश हुई है। मंगलवार की सुबह मीठी नदी का जलस्तर 3.9 मीटर बढ़ने के कारण कुर्ला क्रांति नगर एरिया से सैकड़ों लोगों को निकाल कर सुरक्षित जगह पर पहुंचाया गया।
बारिश के कारण महानगर मुंबई में दूसरे दिन भी स्कूल, कॉलेज बंद रहे साथ ही सरकारी और अर्ध सरकारी कार्यालय भी बंद रहे। सेंट्रल रेलवे ने 14 ट्रेनें रद्द कर दी हैं। अंधेरी सब वे भी पानी भरने से मंगलवार को भी बंद रहा। कई अंडर ब्रिज में चार फीट तक पानी भरा है। लोकल ट्रेन सर्विस भी प्रभावित है। हार्बर लाइन का ट्रैक पानी में डूबा हुआ है। मुंबई में मैसूर कॉलोनी रेलवे स्टेशन के पास मोनोरेल ट्रेन फंस गई। अधिकारियों ने बताया कि बिजली सप्लाई में समस्या की वजह से ऐसा हुआ।