नई दिल्ली। करीब दो हफ्ते तक अटके रहने के बाद मानसून तेजी से आगे बढ़ा है। मंगलवार को मानसून बिहार और झारखंड पहुंच गया। दक्षिण पश्चिम मानसून के बिहार पहुंचने पर औरंगाबाद, किशनगंज, कटिहार और बांका में मंगलवार की सुबह तेज बारिश हुई। इससे एक दिन पहले सोमवार को मानसून ने गुजरात और मध्य प्रदेश पहुंचा था। महाराष्ट्र के विदर्भ इलाके के साथ साथ छत्तीसगढ़ और ओडिशा के कुछ इलाकों में भी मानसून आगे बढ़ा है।
राजधानी दिल्ली में मंगलवार को सुबह से बादल छाए रहे और दोपहर से बारिश शुरू हुई। देर शाम कई इलाकों में तेज बारिश हुई। तेज हवा चलने और बारिश की वजह से दिल्ली में दोपहर तीन से चार बजे के बीच 12 उड़ानें डायवर्ट की गईं। उधर राजस्थान में मानसून से पहले की बारिश जारी है। सोमवार को जयपुर, अजमेर सहित करीब 20 जिलों में बारिश हुई। मंगलवार को भी 20 से ज्यादा जिलों में बारिश हुई।
मध्य प्रदेश में अगले दो दिन में मानसून भोपाल और इंदौर पहुंच सकता है। इस समय मध्य प्रदेश के कई जिलों में बारिश हो रही है। वहां मानसून सबसे आखिर में ग्वालियर व चंबल पहुंचेगा। मौसम विभाग का अनुमान है, अगले दो दिन में मानसून गुजरात, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, ओडिशा, छत्तीसगढ़ के बाकी हिस्सों में आगे बढ़ने के साथ ही उत्तर प्रदेश में दस्तक दे सकता है। इस हफ्ते के अंत तक मानसून पश्चिमी उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान के कुछ हिस्सों तक भी पहुंच जाएगा। इस बीच खबर है कि मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और बिहार में बिजली गिरने से कई लोगों की मौत हो गई।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



