नई दिल्ली। देश के लिए अच्छी खबर है कि इस बार मानसून समय से पहले केरल पहुंचेगा। मौसम विभाग की ओर से बताया गया है कि 16 साल के बाद ऐसा होगा कि मानसून इतनी जल्दी दस्तक देगा। बताया गया है कि समय से चार दिन पहले मानसून केरल के तट पर पहुंच जाएगा। मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसून 27 मई को केरल तट से टकराएगा। आमतौर पर यह एक जून को केरल पहुंचता है। मौसम विभाग ने कहा है, ‘अगर मानसून 27 मई को आता है तो यह 16 साल में पहली बार होगा जब यह इतनी जल्दी दस्तक देगा’।
इससे पहले 2009 में मानसून ने 23 मई को और 2024 में 30 मई को केरल में दस्तक दी थी। इसके अलावा 2018 में 29 मई को मानसून आया था। मौसम विभाग ने बताया कि एक जून को केरल पहुंचने के बाद मानसून आठ जुलाई तक अन्य राज्यों को कवर करता है। मानसून 17 सितंबर के आसपास राजस्थान के रास्ते वापसी शुरू करता है और 15 अक्टूबर तक इसकी वापसी पूरी हो जाती है।
अर्थ एंड साइंस मिनिस्ट्री के सचिव एम रविचंद्रन ने कहा है, ‘जून से सितंबर के दौरान सामान्य से ज्यादा बारिश होने की संभावना है। चार महीने के दौरान 87 सेंटीमीटर के औसत से 105 फीसदी बारिश हो सकती है। आमतौर पर 96 से 104 फीसदी बारिश को सामान्य माना जाता है। हालांकि मौसम विभाग ने यह साफ कर दिया है कि केरल में समय से पहले पहुंचने का यह मतलब नहीं है कि मानसून देश के बाकी हिस्सों को भी समय से पहले कवर कर लेगा।
इससे पहले मौसम विभाग ने नौ मई को बताया था कि 13 मई के आसपास मानसून के अंडमान और निकोबार, बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ने की बहुत संभावना है। हालांकि, भारत में मानसून सीजन के आने की आधिकारिक घोषणा इसके केरल पहुंचने पर ही की जाती है।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


