नई दिल्ली। देश में कोरोना वायरस के संक्रमण के एक्टिव केसेज की संख्या छह हजार से ज्यादा हो गई है और संक्रमण से मरने वालों की संख्या भी बढ़ कर 58 हो गई है। रविवार की सुबह केंद्रीय स्वास्थ्य व परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटे में 378 नए केस मिले। इससे एक्टिव केसेज की संख्या 6,133 हो गई। केरल में सबसे ज्यादा 1,950 केस हैं। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार पिछले नौ दिन में 3,423 नए केस मिले हैं, जबकि 58 लोगों ने जान गंवाई है।
इससे पहले 30 मई तक देश में 2,710 एक्टिव केस थे और सात मौतें हुई थीं। उसके बाद मिले केसेज के आधार पर कहा जा सकता है कि कोरोना वायरस के हर दिन औसतन करीब चार सौ नए केस सामने आ रहे और पांच से छह मरीजों की मौत हो रही है। रविवार के आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटे में केरल में तीन, कर्नाटक में दो और तमिलनाडु में कोरोना संक्रमण से एक व्यक्ति की मौत हुई है। केरल और महाराष्ट्र की तरह गुजरात में भी तेजी से केसेज बढ़ रहे हैं। इसे देखते हुए गुजरात सरकार ने अस्पतालों में बेड, वेंटिलेटर और आईसीयू बेड की व्यवस्था को बेहतर बनाया है।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


