नई दिल्ली। देश के 10 राज्यों में 37 राज्यसभा सीटों के लिए होने वाले चुनाव की नामांकन की प्रक्रिया पूरो हो गई। नामांकन के आखिरी दिन गुरुवार को महाराष्ट्र, बिहार, पश्चिम बंगाल सहित सभी राज्यों में नामांकन का काम पूरा हुआ। बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन सहित एनडीए के सभी पांच प्रत्याशियों और राजद के इकलौते प्रत्याशी अमरेंद्रधारी सिंह ने नामांकन किया। राज्य में पांच सीटों खाली हो रही हैं। छठे उम्मीदवार के आने की वजह से 16 मार्च को वोटिंग होगी।
महाराष्ट्र की सात सीटों के लिए महायुति के छह उम्मीदवारों और विपक्षी गठबंधन महा विकास अघाड़ी के शरद पवार ने नामांकन दाखिल किया। उधर, पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस के चार उम्मीदवारों कोयल मल्लिक, मेनका गुरुस्वामी, राजीव कुमार और बाबुल सुप्रियो ने गुरुवार को अपना नामांकन दाखिल किया। भाजपा ने एक सीट के लिए पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राहुल सिन्हा को उम्मीदवार बनाया है।
इससे पहले गुरुवार की सुबह ही कांग्रेस ने राज्यसभा चुनाव के लिए छह उम्मीदवारों का ऐलान किया। तेलंगाना से अभिषेक सिंघवी फिर राज्यसभा जाएंगे। उनके अलावा कांग्रेस ने हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, छत्तीसगढ़ और तमिलनाडु से एक एक उम्मीदवार के नाम का ऐलान किया। तेलंगाना में कांग्रेस को दो सीटें मिलेंगी। इस बीच, रोहतक के बोहर गांव के रहने वाले उद्योगपति सतीश नांदल ने हरियाणा में राज्यसभा के लिए तीसरे उम्मीदवार के रूप में अपना नामांकन कर दिया है। वे गुरुवार को करीब दो बजे निर्दलीय विधायक सावित्री जिंदल, देवेंद्र कादियान और राजेश जून के साथ विधानसभा पहुंचे और नामांकन किया। इस तरह हरियाणा में भी 16 मार्च को चुनाव होगा। कांग्रेस ने करमबीर बौद्ध को उम्मीदवार बनाया है। बौद्ध ने अपनी जीत का भरोसा जताया।


