लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर के पहले चरण के बाद जारी हुई मसौदा मतदाता सूची को लेकर विपक्षी पार्टियों ने चुनाव आयोग और भाजपा पर निशाना साधा है। गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में 2.89 करोड़ नाम कट गए हैं। इसे लेकर उत्तर प्रदेश की मुख्य विपक्षी समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ‘इससे पहले कि मतदाताओं का रोष आक्रोश बनकर आंदोलन का रूप ले ले, चुनाव आयोग मैनपुरी में एसआईआर से कटे वैध नामों के लिए संज्ञान लेकर मतदाता सूची दुरुस्त कराए’।
कांग्रेस पार्टी के राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा, ‘पार्टी ने जो चिंता जताई थी, वह सही साबित हुई है। करीब तीन करोड़ वोटरों के नाम हटा दिए गए हैं। यह लोकतंत्र की हत्या है। बीजेपी चाहे कुछ भी कर ले, यह तय है कि उत्तर प्रदेश से उसका सफाया हो जाएगा’। मसौदा मतदाता सूची पर सपा नेता फखरुल हसन चांद ने कहा, ‘समाजवादी पार्टी पीडीए वोटों की रक्षा का काम कर रही है, और हम ऐसा करते रहेंगे। समाजवादी पार्टी इस मुद्दे पर सतर्क है, और हम पीडीए वोट को छूटने नहीं देंगे। पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए आधार कार्ड को वोटर कार्ड से जोड़ा जाना चाहिए’।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


