नई दिल्ली। देश में एक तरफ भीषण गर्मी का प्रकोप है तो दूसरी ओर एक साथ कई विक्षोभ सक्रिय होने की वजह से आंधी और बारिश भी हो रही है। आंधी और बारिश से जुड़ी अलग अलग घटनाओं में देश भर में दो दर्जन से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है। बेंगलुरू में भारी बारिश के कारण 10 लोगों की मौत की खबर है। उत्तर प्रदेश में आंधी और बारिश से जुड़ी घटनाओं में 13 लोगों की मौत हुई है, जबकि पांच लोगों की मौत बिहार में हुई है।
पिछले 24 घंटे के अंदर पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, मध्य प्रदेश, राजस्थान और गुजरात में कई जगह तापमान 40 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। हालांकि, बाद में कई इलाकों में आंधी और हल्की बारिश से तापमान दो से तीन डिग्री तक घट गया। उत्तर प्रदेश में आंधी और बारिश से 13 लोगों की मौत हो गई। सुल्तानपुर में सबसे ज्यादा सात मौतें हुईं। दूसरी ओर बिहार में पांच लोगों की मौत हुई है। पटना में आंधी से दीवार गिरने से दो लोगों की मौत हो गई। कई जिलों में पेड़ गिर गए।
उत्तराखंड के मसूरी में गुरुवार को ओले गिरे। राजधानी दिल्ली में गुरुवार को दोपहर बाद आंधी चली और ओले गिरे। उधर राजस्थान के कई जिलों में लगातार दूसरे दिन बारिश जारी है। गुरुवार को कोटा में एक मकान पर बिजली गिरी। एक तरफ उत्तर प्रदेश में आंधी और बारिश से मौत हुई तो दूसरी ओर उत्तर प्रदेश का बांदा लगातार तीसरे दिन 45.8 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म रहा। राजस्थान और मध्य प्रदेश के ज्यादातर जिलों में तापमान 40 डिग्री से ज्यादा रहा। मध्य प्रदेश में भोपाल और सीधी सबसे ज्यादा गर्म रहे।
मौसम विभाग ने अगले दो दिनों का जो पूर्वानुमान जारी किया है उसके मुताबिक पश्चिमी राजस्थान में लू चलेगी। उत्तराखंड, पूर्वी राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, बंगाल, बिहार, झारखंड, गंगा से सटे बंगाल, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक में आंधी और बारिश का यलो अलर्ट है। इसी तरह केरलम, तमिलनाडु, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, बंगाल, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिुपरा में बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। इसका अर्थ है कि इन राज्यों में भारी बारिश होगी।


