नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महाराष्ट्र में भाजपा गठबंधन की जीत को विकासवाद की जीत बताया है। महाराष्ट्र में एनडीए के रिकॉर्ड जीत हासिल करने के बाद प्रधानमंत्री मोदी शनिवार की शाम को भाजपा मुख्यालय पहुंचे, जहां उनका स्वागत किया गया। वहां भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि विकासवाद और सुशासन की जीत हुई है। उन्होंने ‘जय भवानी, जय शिवाजी’ के नारे के साथ अपना भाषण शुरू किया।
प्रधानमंत्री ने कहा- महाराष्ट्र में विकासवाद और सुशासन की जीत हुई। झूठ और विभाजनकारी ताकतें हारी हैं। परिवारवाद की हार हुई है। मोदी ने कहा- महाराष्ट्र देश का छठा राज्य है, जिसने भाजपा को लगातार तीन बार जनादेश दिया है। गोवा, गुजरात, छत्तीसगढ़, हरियाणा और एमपी में हम लगातार तीन बार जीत चुके हैं। बिहार में भी एनडीए को तीन बार लगातार जनादेश मिला है। उन्होंने आगे कहा- ये लगातार तीसरी बार है जब भाजपा के नेतृत्व में किसी गठबंधन को लगातार महाराष्ट्र ने विजयी बनाया है। और ये लगातार है जब भाजपा महाराष्ट्र में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। ये निश्चित रूप से ऐतिहासिक है। ये भाजपा के गर्वनेंस मॉडल पर मुहर है।
मोदी ने कहा- अकेले भाजपा को ही कांग्रेस और उसके सभी सहयोगियों से ज्यादा सीटें महाराष्ट्र के लोगों ने दी है। ये दिखाता है जब सुशासन की बात आती है तो देश सिर्फ बीजेपी और एनडीए पर भरोसा करता है। प्रधानमंत्री ने कहा- छत्रपति शिवाजी महाराज, बाबा साहेब आंवेडकर, सावित्री फुले, बाला साहेब ठाकरे की पावन धरती ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। बीते 50 साल में किसी भी पार्टी, किसी भी प्री पोल अलायंस के लिए ये सबसे बड़ी जीत है।
उपचुनावों की बात करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा- लोकसभा में हमारी एक सीट और बढ़ रही है। उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान ने भाजपा को जमकर समर्थन दिया है। गौरतलब है कि भाजपा ने महाराष्ट्र की नांदेड़ सीट पर उपचुनाव जीत लिया है।
बहरहाल, प्रधानमंत्री ने आगे कहा- असम के लोगों ने भाजपा पर एक बार और समर्थन जताया है। एमपी में भी हमें सफलता मिली है। बिहार में एनडीए का समर्थन बढ़ा है। ये दिखाता है कि देश सिर्फ विकास चाहता है। उन्होंने कहा- मैं माताओं, बहनों, किसानों का, युवाओं का, देश की जनता का नमन करता हूं। मैं झारखंड की जनता को भी नमन करता हूं। वहां के विकास के लिए और काम करेंगे। इससे पहले भाजपा मुख्यालय पहुंचने पर भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उनका स्वागत किया।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.

Image Source: ANI

