नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति के अभिभाषण पर राज्यसभा में धन्यवाद प्रस्ताव पर हुई चर्चा का गुरुवार को जवाब दिया। वे डेढ़ घंटे से ज्यादा समय तक बोले, करीब 92 मिनट तक उन्होंने भाषण दिया, जिसमें ज्यादातर समय वे कांग्रेस पर हमला करते रहे। उन्होंने हर मुद्दे पर कांग्रेस को निशाना बनाया। प्रधानमंत्री मंगलवार, चार फरवरी को लोकसभा में चर्चा का जवाब दे चुके हैं। उन्होंने राज्यसभा में 92 मिनट के अपने भाषण में उन्होंने कांग्रेस व विपक्ष को निशाना बनाते हुए शेरो शायरी और कविताएं भी पढ़ीं।
प्रधानमंत्री ने नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की ओर इशारा करते हुए कहा कि वे बहुत शेर सुनाते हैं। इसके बाद उन्होंने कवि गोपालदास नीरज का एक शेर पढ़ा और फिर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की कविता भी पढ़ी। उसके बाद कांग्रेस और नेहरू गांधी परिवार पर हमला करते हुए मोदी ने कहा, ‘इतना बड़ा दल एक परिवार के लिए समर्पित हो गया है। कांग्रेस के मॉडल में फैमिली फर्स्ट सर्वोपरि रहा है’। उन्होंने कहा, ‘देश की जनता ने हमें तीसरी बार लगातार सेवा का मौका दिया। ये बताता है कि देश की जनता ने हमारे विकास के मॉडल को परखा है, समझा है और समर्थन दिया है। हमारा मॉडल, नेशन फर्स्ट है। इसी भावना के साथ हम देश की नीतियों पर काम करते हैं’।
इमरजेंसी का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, ‘देश ने इमरजेंसी का दौर भी देखा है। संविधान को किस प्रकार से कुचला गया। संविधान की स्प्रिट को रौंदा गया। ये सब सत्ता सुख के लिए किया गया’। उन्होंने कहा, ‘इमरजेंसी में प्रसिद्ध कलाकार देवानंद जी से कहा गया कि वह इमरजेंसी का समर्थन करें। देवानंद ने मना कर दिया था। इसलिए दूरदर्शन पर देवानंद जी की फिल्में बैन कर दी गईं। किशोर कुमार जी ने कांग्रेस के लिए गाना गाने से मना कर दिया था। इस पर कांग्रेस ने आकाशवाणी पर किशोर के गाने प्रतिबंधित कर दिए’।
कांग्रेस पर डॉक्टर भीमराव अंबेडकर से नफरत करने का आरोप लगाते हुए मोदी ने कहा, ‘इतिहास की ओर थोड़ी नजर डालें तो बाबा साहेब अंबेडकर के साथ कांग्रेस को कितनी नफरत रही थी, उनके प्रति कितना गुस्सा था, इसके सारे दस्तावेज मौजूद हैं। इस गुस्से के कारण बाबा साहेब को दो दो बार चुनाव में पराजित करने के लिए क्या क्या नहीं किया गया’। उन्होंने कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा, ‘कभी भी बाबा साहेब को भारत रत्न के योग्य नहीं समझा गया। इतना ही नहीं, इस देश के लोगों ने बाबा साहेब की भावना का आदर किया। तब आज मजबूरन कांग्रेस को जय भीम बोलना पड़ रहा है, उनका मुंह सूख जाता है’।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.
Image Source: ANI

