नई दिल्ली। महाराष्ट्र और झारखंड विधानसभा के चुनावों के साथ साथ 15 राज्यों की 46 विधानसभा और दो लोकसभा सीटों पर उपचुनाव हुए थे। इसमें भी भाजपा ने अच्छा प्रदर्शन किया है। भाजपा की सहयोगी सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा ने सिक्किम की दो सीटों पर हुआ उपचुनाव पहले ही निर्विरोध जीत लिया था। बाकी 46 सीटों में से 24 पर भाजपा जीती है। लोकसभा की सीटों में केरल की वायनाड सीट पर कांग्रेस की प्रियंका गांधी वाड्रा चुनाव जीत गई हैं। वे पहली बार चुनाव लड़ी थीं। वे चार लाख से ज्यादा वोट से जीती हैं।
वायनाड लोकसभा सीट पर प्रियंका गांधी ने चार लाख 10 हजार वोटों से जीत दर्ज की है। उन्हें कुल छह लाख 22 हजार 338 वोट मिले। वायनाड में सीपीआई के सत्यन मोकेरी को दो लाख 11 हजार वोट मिले, जबकि भाजपा की नव्या हरिदास एक लाख नौ हजार वोट लेकर तीसरे स्थान पर रहीं। महाराष्ट्र की नांदेड़ लोकसभा सीट पर भाजपा के संतुक हंबार्डे चुनाव जीत गए हैं। उन्होंने कांग्रेस के वसंत राव चव्हाण को हराया।
उलटफेर के नतीजे में मध्य प्रदेश की विजयपुर सीट पर कांग्रेस से भाजपा में आए वन मंत्री रामनिवास रावत हार गए। वहीं, उत्तर प्रदेश की नौ विधानसभा सीटों में से भाजपा गठबंधन को सात और सपा को दो सीटों पर जीत मिली है। कुल 46 विधानसभा सीटों के उपचुनाव में भाजपा गठबंधन 24 सीटों पर जीता है, जबकि पहले उसके पास सिर्फ 17 सीटें थीं। कांग्रेस सात सीटों पर जीती है, जिसके पास पहले 11 सीटें थीं। पश्चिम बंगाल में छह सीटों पर उपचुनाव हुए थे और सभी सीटें सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस ने जीत ली है। बिहार की चार सीटों पर हुए उपचुनाव में एनडीए ने चारों सीटों पर जीत हासिल की है।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.
Image Source: ANI

