राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

पुतिन-शी की युद्ध रोकने की अपील

बीजिंग। चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने मध्य पूर्व में जारी युद्ध को लेकर चेतावनी दी है। अंतरराष्ट्रीय मीडिया के मुताबिक, बीजिंग में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ बैठक में उन्होंने कहा कि दुनिया फिर जंगलराज की तरफ बढ़ रही है। जिनपिंग ने चेतावनी दी कि अगर लड़ाई नहीं रुकी तो अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था और वैश्विक स्थिरता पर बड़ा असर पड़ेगा।

शी जिनपिंग ने ईरान पर अमेरिका और इजराइल के हमले का जिक्र करते हुए कहा कि एकतरफा सैन्य कार्रवाई और लंबे समय तक चलने वाला युद्ध दुनिया को ऐसे दौर में ले जा सकता है, जहां अंतरराष्ट्रीय नियम कमजोर पड़ जाएं। उन्होंने कहा कि लड़ाई रोकना बेहद जरूरी है। जिनपिंग ने बुधवार को बीजिंग में पुतिन के औपचारिक स्वागत के बाद दिए गए बयान में यह बात कही।

गौरतलब है कि राष्ट्रपति पुतिन बीजिंग के दौरे पर पहुंचे हैं। इससे पहले अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप चीन के दौरे पर गए थे। उसके तुरंत बाद पुतिन का दौरा कई मायने में अहम माना जा रहा है। बुधवार को दोनों नेता बीजिंग के ग्रेट हॉल ऑफ द पीपल के बाहर रेड कार्पेट पर साथ चले और सैन्य बैंड ने रूस और चीन के राष्ट्रगान बजाए। पुतिन और जिनपिंग ने बीजिंग में मुलाकात के दौरान दुनिया में दबदबे की राजनीति खत्म करने की बात कही।

दोनों नेताओं ने कहा कि रूस और चीन मिल कर ज्यादा न्यायपूर्ण और संतुलित वैश्विक व्यवस्था बनाने की दिशा में काम करेंगे। बीजिंग में हुई उच्चस्तरीय बैठक में दोनों नेताओं ने वैश्विक राजनीति, मध्य पूर्व युद्ध, ऊर्जा सुरक्षा और ब्रिक्स जैसे मुद्दों पर चर्चा की। पुतिन ने कहा कि पिछले 25 वर्षों में रूस और चीन के रिश्ते तेजी से मजबूत हुए हैं और दोनों देश लगातार साझा परियोजनाओं पर साथ काम कर रहे हैं।

Tags :

By NI Desk

Under the visionary leadership of Harishankar Vyas, Shruti Vyas, and Ajit Dwivedi, the Nayaindia desk brings together a dynamic team dedicated to reporting on social and political issues worldwide.

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

nine − two =